15 अगस्त से पहले बाटला हाउस में NIA की छापेमारी, संदिग्ध ISIS एक्टिव मेंबर गिरफ्तार
स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली से 'एक्टिव आईएसआईएस सदस्य' गिरफ्तार। एनआईए ने बाटला हाउस से गिरफ्तार किया। nia batla house raid isis connection mohsin ahmed patna bihar
नई दिल्ली, 07 अगस्त : 15 अगस्त को आजादी की 75वीं वर्षगांठ की तैयारियां जोरों पर हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मुख्य समारोह से हफ्ते भर पहले आईएसआईएस के सदस्य की गिरफ्तारी हुई है। एनआईए ने रविवार को बताया कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने नई दिल्ली के बाटला हाउस में मोहसिन अहमद को गिरफ्तार किया गया है। NIA ने कहा कि तलाशी के बाद इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) मॉड्यूल मामले की गतिविधियों में कथित रूप से शामिल होने के आरोप में आरोपी मोहसिन को शनिवार को गिरफ्तार किया गया।
Recommended Video

ISIS के लिए पैसे जुटाने का आरोप
शनिवार को हुई गिरफ्तारी के संबंध में रविवार को एनआईए ने बताया कि आरोपी मोहसिन बिहार की राजधानी पटना का रहने वाला है। मोहसिन अहमद 'आईएसआईएस का सक्रिय सदस्य' रहा है। एनआईए का दावा है कि मोहसिन को भारत के साथ-साथ विदेश में सहानुभूति रखने वालों से ISIS के लिए धन एकत्र करने में शामिल होने के लिए गिरफ्तार किया गया है। वह आईएसआईएस की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए क्रिप्टोकरेंसी के रूप में फंड सीरिया और अन्य स्थानों पर भेज रहा था।
25 जून को दर्ज मामले में अगस्त में गिरफ्तारी !
बकौल NIA, कल 6 अगस्त, 2022 को एनआईए ने आरोपी मोहसिन अहमद के आवासीय परिसरों में तलाशी ली। मोहसिन वर्तमान में बाटला हाउस, नई दिल्ली में रह रहा है। तलाशी के बाद मोहसिन को आईएसआईएस की ऑनलाइन और जमीनी गतिविधियों से संबंधित मामले में संलिप्तता के संदेह पर गिरफ्तार किया गया। एनआईए ने विगत 25 जून को स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था।
कर्नाटक में भी पकड़े गए संदिग्ध
गौरतलब है कि इस सप्ताह की शुरुआत में, एनआईए ने कर्नाटक में भी आईएसआईएस कनेक्शन के आरोप में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक ISIS संचालकों के साथ कथित संबंधों के लिए तीन लोगों को हिरासत में लिया गया था। कर्नाटक में पकड़े गए संदिग्ध पिछले रविवार को NIA की राष्ट्रव्यापी छापेमारी के दौरान हिरासत में लिए गए थे। आतंकवाद विरोधी एजेंसी- NIA ने कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के भटकल इलाके में और तुमकुरु जिले में दो जगहों पर छापेमारी की थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया था कि NIA ने दो मामलों में स्थानीय पुलिस का सहयोग मांगा था।
NIA की गिरफ्त में थर्ड ईयर मेडिकल स्टूडेंट
जिन संदिग्धों को NIA ने कर्नाटक में हिरासत में लिया उनमें से एक की पहचान महाराष्ट्र के मूल निवासी साजिद मकरानी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया था कि साजिद तुमकुरु के एक यूनानी कॉलेज में तीसरे वर्ष का छात्र है।
6 राज्यों के 13 ठिकानों पर छापेमारी
गत रविवार को NIA ने आईएसआईएस की गतिविधियों से संबंधित मामले में मध्य प्रदेश, गुजरात, बिहार कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश सहित छह राज्यों में 13 संदिग्ध परिसरों की तलाशी ली थी। एनआईए ने 25 जून को दिल्ली में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 153ए और 153बी और यूए (पी) एक्ट की धारा 18, 18बी, 38, 39 और 40 के तहत स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था।












Click it and Unblock the Notifications