Kerala: PFI मामले में बड़ा खुलासा, पहले खुद को पिटवाया फिर पीठ पर लिखवाया PFI, फेमस होना चाहता था जवान
Kerala Army Jawan News: केरल में एक दिन पहले सामने आए (25 सितंबर) सेना के जवान के साथ मारपीट कर उसकी पीठ पर हरे रंग से पीएफआई (PFI) लिख देने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दक्षिण केरल के कोल्लम जिले में रविवार को सेना के जवान पर हमले का मामला फर्जी निकला है।
जानकारी के अनुसार कोल्लम जिले में रविवार को 6 लोगों ने एक सैनिक की उसके घर के पास कथित तौर पर पिटाई कर दी और उसकी पीठ पर पेंट से पीएफआई लिख दिया था। जिसके बाद पुलिस जांच में पूरा मामला फर्जी साबित हुआ है।

पुलिस ने जवान और उसके दोस्त को पकड़ा
पुलिस ने गलत बयान देने के लिए मंगलवार को सेना के जवान शाइन कुमार और उसके दोस्त को हिरासत में ले लिया है। कोल्लम जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और सैनिक शाइन कुमार और उसके दोस्त के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
उन्होंने यह भी कहा कि सिपाही के दोस्त ने दावा किया है कि शाइन कुमार मशहूर होना चाहता था और इसीलिए इस पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। अधिकारी ने आगे कहा कि सिपाही इस तरह के गलत बयान देने के लिए कई कारण बता रहा है और उन्हें सत्यापित किया जाना है।
वहीं पुलिस ने दोस्त के घर से कथित तौर पर घटना में इस्तेमाल किया गया हरा पेंट, ब्रश और टेप भी बरामद कर लिया। सिपाही के दोस्त ने मीडिया को बताया कि कुमार ने फेमस होने के लिए पूरी योजना बनाई थी।
दोस्त ने बताया उस दिन क्या हुआ?
कथित तौर पर जो हुआ उसकी डिटेल बताते हुए दोस्त ने दावा किया कि कुमार ने उससे अपनी पीठ पर 'पीएफआई' लिखने और उसे पीटने के लिए कहा था। उसने कहा "मैं नशे में था, इसलिए मैंने शुरू में डीएफआई लिखा, लेकिन उन्होंने (कुमार) कहा कि पीएफआई लिखो। इसलिए मैंने इसे पीएफआई बना दिया। फिर उन्होंने मुझसे उसे पीटने के लिए कहा, लेकिन मैंने कहा कि मैं ऐसा नहीं कर सकता क्योंकि मैं नशे में था।"












Click it and Unblock the Notifications