Bihar News: नवनिर्वाचित विधायकों के लिए पटना में 246 नए आवास तैयार
पटना में हाल ही में पूरी हुई आवास परियोजना में निर्वाचित अधिकारियों के लिए 246 आवास हैं, जो आधुनिक सुविधाओं और पर्यावरण के प्रति जागरूक डिजाइन से लैस हैं। इस पहल का उद्देश्य जनता के साथ संपर्क बढ़ाना और आधिकारिक कर्तव्यों को सुविधाजनक बनाना है।
भवन निर्माण विभाग ने नवनिर्वाचित विधायकों के लिए पटना स्थित विधायक एवं विधान पार्षद आवास परिसर में 246 नए आवासों का निर्माण पूरा कर लिया है। यह आवासीय परियोजना लगभग 44.41 एकड़ भूमि पर फैली हुई है, जिसे विभिन्न चरणों में विकसित किया गया है।

प्रत्येक आवास का क्षेत्रफल लगभग 3693 वर्गफीट है। परिसर में एमएलए हॉस्टल, कैंटीन और कम्युनिटी सेंटर जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। आवासों का आवंटन विधान सभा क्षेत्र के अनुसार किया जाएगा, जिन पर निर्वाचन क्षेत्र संख्या और नाम अंकित रहेगा।
भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने जानकारी दी कि इन आवासों से विधायकों को क्षेत्रीय जनता से संपर्क स्थापित करने में आसानी होगी। साथ ही, कार्यालयीन कार्यों के संचालन में भी सहूलियत मिलेगी।
पर्यावरण के प्रति सजग निर्माण
परिसर को 'जीरो डिस्चार्ज' अवधारणा के तहत तैयार किया गया है। सिवरेज जल का ट्रीटमेंट कर उसे बागवानी में उपयोग किया जाएगा। वर्षा जल संचयन की व्यवस्था की गई है। ऊर्जा बचत के लिए एलईडी स्ट्रीट लाइट्स लगाई गई हैं। परिसर की सुंदरता बढ़ाने के लिए चम्पा, गुलमोहर और महोगनी जैसे पौधे लगाए गए हैं। इस परियोजना से न केवल विधायकों को बेहतर आवासीय सुविधा मिलेगी, बल्कि यह पर्यावरण के प्रति जागरूकता का भी उदाहरण प्रस्तुत करती है।












Click it and Unblock the Notifications