कल लॉकडाउन को लेकर जारी होगी नई गाइडलाइन, इन बातों का ध्यान रखेगी सरकार
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए पूरे देश में लॉकडाउन 3 मई तक बढ़ा दिया है। इसके साथ ही उन्होंने बुधवार को नई गाइडलाइन जारी करने का ऐलान किया है। इस गाइडलाइन में लॉकडाउन को लेकर सभी निर्देश रहेंगे। पिछली बार लॉकडाउन लागू होने पर देखा गया था कि मजदूरों ने अपने गांवों की ओर रुख कर दिया था, साथ ही कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई थी, ऐसे में इस बार ऐसा न हो इसके लिए सरकार ने गाइडलाइन तैयार कर ली है।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि बुधवार को भारत सरकार और स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर लॉकडाउन को लेकर गाइडलाइन जारी कर दी जाएगी। इस गाइडलाइन को बनाते समय गरीब, मजूदर और किसानों का पूरा ख्याल रखा गया है। पीएम मोदी ने कहा कि रबी की फसल तैयार है। इस वजह से केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं, ताकी किसानों को किसी भी तरह की कोई समस्या न हो।
पीएम मोदी ने कहा कि दिहाड़ी मजूदरी करने वाला हर शख्स मेरे परिवार का हिस्सा है। उनकी पहली प्राथमिकता मजदूरों की दिक्कतों को कम करना है। भारत सरकार प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत हर मजदूर की हर संभव मदद करने की कोशिश कर रही है।

20 अप्रैल के बाद लॉकडाउन में मिल सकती है छूट
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि जो क्षेत्र इस अग्निपरीक्षा में सफल होंगे और जो इलाके Hotspotनहीं होंगे, साथ ही जिनके Hotspot में बदलने की आशंका भी कम होगी, वहां पर 20 अप्रैल से कुछ छूट दी जा सकती है। ये छूट सिर्फ और सिर्फ कोरोना के कम मामलों पर ही निर्भर करेगी।
24 घंटे में 1200 से ज्यादा केस
भारत में कोरोना वायरस (कोविड-19) के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंगलवार सुबह बताया कि देश में बीते 24 घंटे के भीतर कोरोना वायरस के 1211 नए मामले सामने आए हैं और 31 लोगों की मौत हुई है। वहीं भारत में अब कोरोना के मरीजों की संख्या 10 हजार पार कर गई है।












Click it and Unblock the Notifications