कब होगी नए CDS की नियुक्ति ? रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया
नई दिल्ली, 14 जून: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा है कि देश के नए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) की नियुक्ति जल्द की जाएगी। गौरतलब है कि देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में हुए निधन के बाद से देश के डिफेंस स्टाफ का सर्वोच्च पद खाली है। जनरल रावत का दिसंबर, 2021 में हुए एक हेलीकॉप्टर हादसे में निधन हो गया था। उनकी मौत के 6 महीने बाद रक्षा मंत्री की ओर से नए सीडीएस की नियुक्ति को लेकर ये बयान दिया गया है। गौरतलब है कि सरकार ने अब सीडीएस पद पर नियुक्ति के लिए आर्म्ड फोर्स के सर्विस रूल में भी बदलाव किया है।

नए सीडीएस की नियुक्ति जल्द- राजनाथ सिंह
पिछले साल दिसंबर में देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत की हादसे में हुए निधन के बाद सरकार ने नए सीडीएस की नियुक्ति को लेकर रक्षा मंत्री के स्तर पर जानकारी साझा की है। राजनाथ सिंह ने कहा है कि जल्द ही इस पद पर नियुक्ति की जाएगी। सरकार ने अब जो आर्म्ड फोर्सेज के सर्विस रूल्स में बदलाव किया है, उसके बाद तीनों सेनाओं के मौजूदा और हाल ही में रिटायर हुए सभी थ्री-स्टार ऑफिसर- लेफ्टिनेंट जनरल, एयर मार्शल और वाइस एडमिरल, जिनकी उम्र 62 साल से कम है, वे सीडीएस के पद के लिए योग्य होंगे।
बराबर के सैन्य अफसरों में सीडीएस का पहला स्थान
नए नियम के मुताबिक हाल में रिटायर हुए तीनों सेनाओं के चीफ को इस पद पर नियुक्ति के लिए विचार नहीं किया जा सकता। संशोधन का संकेत साफ है कि नए सीडीएस की नियुक्ति की घोषणा जल्द हो सकती है। सीडीएस बराबर के सैन्य अफसरों में पहला अधिकारी होता है और अभी तक सिर्फ फोर-स्टार ऑफिसर को ही सीडीएस के योग्य माना जाता था, जिसमें भारतीय सेना, भारतीय नौसेना और भारतीय वायुसेना के प्रमुख शामिल हैं।
आर्म्ड फोर्सेज सर्विस रूल्स में बदलाव
लेकिन, नए नियमों के मुताबिक तीनों सेनाओं के सभी थ्री-स्टार और फोर-स्टार ऑफिसर इसके लिए योग्य हो सकते हैं, जिनमें पिछले दो वर्षों में रिटायर हुए अधिकारी भी शामिल हैं। वैसे, सरकार ने इसके लिए 62 साल तक की उम्र सीमा लागू कर दी है। लेकिन, तीनों सेनाओं के प्रमुख 62 साल की आयु में रिटायर होते हैं, इसलिए सितंबर, 2021 के बाद से रिटायर हुए तीनों सेनाओं के प्रमुखों को इसके लिए योग्य नहीं माना जा सकता।
भारत के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत का निधन 8 दिसंबर, 2021 को तमिलनाडु के पहाड़ों में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में हो गया था। इस पद पर उनकी नियुक्ति 31 दिसंबर, 2019 को हुई थी। उनका तीन साल का कार्यकाल इस साल दिसंबर में समाप्त होने वाला था। लेकिन, उनके निधन के बाद से यह पद खाली पड़ा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications