बेकाबू होंगे हवाई जहाज के टिकट? नए नियमों के बाद एयरलाइंस के किराए पर नहीं चल सकेगा सरकारी की चाबुक!
New Airfare Rules 2027: हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए नए साल में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। सरकार ने हवाई किराए को लेकर नए नियम जारी किए हैं, जिन्हें 1 जनवरी 2027 से लागू किया जाएगा। नए नियमों के तहत सामान्य परिस्थितियों में सरकार एयरलाइंस के किराए को बढ़ाने या घटाने पर रोक नहीं लगाएगी। यानी एयरलाइन कंपनियां अपनी संचालन लागत को ध्यान में रखते हुए किराया तय कर सकेंगी।
हालांकि, अगर कोई खास परिस्थिति बनती है और यात्रियों के हित में सरकारी हस्तक्षेप जरूरी लगता है, तो सरकार निर्देश जारी कर सकेगी। नई व्यवस्था में किराए को लेकर पारदर्शिता पर भी जोर दिया गया है। एयरलाइंस को किराए की पूरी जानकारी DGCA और अपनी वेबसाइट पर देनी होगी।

एयरलाइंस खुद तय करेंगी किराया
नए नियमों के अनुसार एयरलाइन कंपनियों को अपनी संचालन लागत के आधार पर किराया तय करना होगा। इसकी जानकारी उन्हें DGCA को देनी होगी। साथ ही यात्रियों के लिए अपनी वेबसाइट पर भी किराए से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करानी होगी।
एयरलाइंस को टिकट की कीमत का पूरा ब्रेकअप भी बताना होगा। इसमें बेस किराया, टैक्स, फीस, कैंसिलेशन चार्ज और रिफंड से जुड़ी जानकारी शामिल होगी। इससे यात्रियों को टिकट बुक करने से पहले यह समझने में आसानी होगी कि वे किस मद में कितना पैसा दे रहे हैं।
खास स्थिति में सरकार दे सकेगी निर्देश
सामान्य हालात में सरकार एयरलाइंस की किराया तय करने की प्रक्रिया में दखल नहीं देगी। हालांकि, किसी विशेष परिस्थिति में अगर यात्रियों के हित की जरूरत महसूस होती है तो सरकार एयरलाइन कंपनियों को जरूरी निर्देश दे सकती है।
ATF महंगा होने से बढ़ेगा खर्च
इधर, एयरलाइंस की लागत पर पहले से ही विमान ईंधन की बढ़ती कीमत का दबाव है। रविवार से ATF की कीमत में 1.37 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में इसकी कीमत 137.12 रुपये से बढ़कर 138.50 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
ATF के दाम में यह लगातार चौथी बढ़ोतरी है। इससे पहले 1 अक्टूबर को कीमत में 16 रुपये प्रति लीटर की बड़ी वृद्धि हुई थी। सितंबर में 6.28 रुपये और अगस्त में 5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी।
एयरलाइंस की लागत पर दबाव
विमान ईंधन किसी एयरलाइन के कुल संचालन खर्च का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा होता है। ऐसे में ATF लगातार महंगा होने से कंपनियों की लागत बढ़ने की आशंका है। इसी बीच 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में भी 10 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।


Click it and Unblock the Notifications
