'कर्नाटक चुनाव के नतीजे राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' का असर', शरद पवार बोले- मैं चुनाव नहीं लड़ रहा
Sharad Pawar: एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने सोमवार को कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे कांग्रेस नेता राहुल गांधी की पदयात्रा का बेहतरीन उदाहरण है।

एनसीपी चीफ शरद पवार ने सोमवार को कर्नाटक चुनावों के परिणामों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चुनावी नतीजों से राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' का असर साबित हो गया है। पुणे में शरद पवार ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे कांग्रेस नेता राहुल गांधी की पदयात्रा का बेहतरीन उदाहरण हैं।
एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने आगे कहा कि राहुल गांधी के बारे में कोई कुछ भी कहे, मुझे यकीन है कि लोग राहुल गांधी की विचारधारा को मजबूत करेंगे। इसी के साथ उन्होंने अपनी आशंकाओं को भी दोहराते हुए कहा कि कर्नाटक के नतीजे के कारण लोक चुनाव स्थगित होने की संभावना है। हालांकि उन्होंने इस बारे में विस्तार से नहीं बताया।
वहीं चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे पर शरद पवार ने कहा कि सीटों के बंटवारे पर अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है। मेरे आवास पर एक बैठक हुई थी, जहां इस बात पर चर्चा हुई कि तीनों पार्टियों (महाविकास अघाड़ी) के नेता इस पर फैसला करेंगे। उन्होंने बताया कि उद्धव ठाकरे, सोनिया गांधी या कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे और मैं इस पर चर्चा करने के लिए एक साथ बैठेंगे।
'मैं अगला चुनाव नहीं लड़ रहा हूं'
शरद पवार ने आगे कहा कि मेरी कोशिश विपक्ष को साथ लाने की है, ऐसी ही कोशिश बिहार के सीएम नीतीश कुमार कर रहे हैं। मैं अगला चुनाव नहीं लड़ रहा हूं तो पीएम उम्मीदवार बनने का सवाल ही कहां है। मैं पीएम बनने की रेस में नहीं हूं। हमें ऐसा नेतृत्व चाहिए जो देश के विकास के लिए काम कर सके।
हिंसक घटनाओं पर बोले पवार
वहीं महाराष्ट्र में हालिया हिंसक घटनाओं पर एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि अगर हम इन घटनाओं (हिंसक झड़पों) के पीछे की विचारधारा और ताकत देखेंगे तो पता चल जाएगा कि इनके पीछे कौन है। केंद्र और राज्य में सत्ता में बैठे लोगों की संलिप्तता का पता लगाने के लिए जांच की जानी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications