UN में ऐसे बोल रहे थे नवाज शरीफ जैसे हिजबुल का सुप्रीम कमांडर बोल रहा हो: राम माधव
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राम माधव ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की तुलना आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन के सरगना से की है। राम माधव ने कहा कि नवाज शरीफ का 71वीं संयुक्त राष्ट्र आम सभा (यूएनजीए) में बयान अब तक का सबसे खराब बयान है, वह पाक के सुप्रीम कमांडर नहीं बल्कि हिजबुल मुजाहिदीन के सुप्रीम कमांडर की तरह बोल रहे थे।

माधव ने कहा कि वो खुलकर हिजबुल मुजाहिद्दीन की बात कर रहे थे। इसके बाद पाकिस्तान को आतंकी देश घोषित करने के लिए दुनिया को अब कोई प्रमाण नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत जो पाकिस्तान के बारे में कहता आया है, नवाज शरीफ के कल के बयान से यह साबित हो गया।
उन्होंने कहा कि कूटनीतिक रूप से पाक को उचित जवाब दिया गया है, हम उरी अटैक को लेकर पाक को कई तरह से जवाब देंगे। मुझे उम्मीद है कि सरकार उचित कदम उठाएगी, उरी अटैक के दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा।
अपने भाषण में क्या कहा नवाज शरीफ ने?
नवाज शरीफ ने यूएन में अपने भाषण में बुरहान वानी का राग गाया था। उन्होंने कहा था कि बुरहान शांति का चेहरा था, जिसे मार दिया गया। नवाज ने कहा कि कश्मीर में भारतीय सेना लोगों पर अत्याचार कर रही है। मानवाधिकारों का उल्लंघन हो रहा है।
उन्होंने कश्मीर से सेना हटाने, कर्फ्यू वापस लेने और सभी राजनीतिक कैदियों की रिहाई की मांग यूएन में उठायी। साथ ही कहा कि लोगों की राय जानने के लिए जनमत संग्रह कराया जाये और संयुक्त राष्ट्र कश्मीर हिंसा की जांच करे। अपने 19 मिनट की भाषण मे नवाज 9 मिनट तक सिर्फ भारत और कश्मीर पर बोलते रहे।












Click it and Unblock the Notifications