कॉमेडी नाइट्स विद कपिल में ताली नहीं ठोक पायेंगे नवजोत सिंह सिद्धू!
नई दिल्ली (विवेक शुक्ला)। कलर्स टेलीविजन के कॉमेडी नाइट्स विद कपिल में दर्शकों को तालियां बजाने के लिये उत्साहित करने वाले नवजोत सिंह सिद्धू अब खुद कॉमेडी नाइट्स में ताली नहीं ठोक पायेंगे। जी हां तो कलर्स टीवी पर प्रसारित होने वाले लोकप्रिय कार्यक्रम "कामेडी नाइटस विद कपिल" से भाजपा नेता नवजोत सिंह सिद्धू की विदाई होने जा रही है? यह पूरी तरह से मुमकिन है क्योंकि सिद्धू फिर से अपनी राजनेता वाली भूमिका में उतरने वाले हैं। असल में हरियाणा विधानसभा चुनावों में जिस तरह से कैंपेन के दौरान अकालियों पर वार किया उससे भाजपा नेतृत्व बड़ा खुश बताया जाता है। लिहाजा चुनाव के तुरंत बाद सिद्धू को बड़ा पद दिया जा सकता है।

अकाली दल के नेता हरियाणा में इनेलो के हक में कैंपेन कर रहे थे। इनमें मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल भी शामिल हैं। भाजपा के एक नेता ने बताया कि सिद्धू अकालियों पर हमले भाजपा नेतृत्व से हरी झंडी मिलने के बाद ही कर रहे थे। उन्होंने पानी पी-पीकर अकालियों को कोसा।उन्होंने अकालियों को इतना कोसा कि एक बार तो पंजाब सरकार ने उनकी सुरक्षा ही खत्म करने का मन बना लिया था। हालांकि बाद में सुरक्षा बहाल हुई।
संगठन में खास पद
अब उम्मीद की जा रही है कि सिद्धू को भाजपा कोई अहम पद संगठन में दे सकती है। वे खुद भी कह रहे कि यदि पार्टी उन्हें कोई बड़ी जिम्मेवारी देती है तो वह अपना टी.वी. करियर छोड़ सकते हैं। यानी यह हुआ तो वे "कामेडी नाइटस विद कपिल" शो को छोड़ देंगे। इसमें वे खूब मस्त अंदाज में शेर कहते हैं और मेहमानों से बीच-बीच में बात भी करते हैं। एक बार उनकी पत्नी ने कहा था कि नवजोत सिद्धू हर साल टीवी कार्यक्रमों में काम करके करोड़ों रुपये कमाते हैं।
भाजपा के सूत्रों का कहना है कि सिद्ध को पार्टी में सुषमा स्वराज से जुड़ा हुआ माना जाता है। एक दौर में वे अरुण जेटली के करीबी माने जाते थे। उन्होंने स्वराज की बहन के लिए सफीदो में तगड़ा कैंपेन भी किया। बहरहाल, अब यह तो देखने वाली बात है कि क्या सिद्ध को भाजपा में कोई खास पद मिलेगा?












Click it and Unblock the Notifications