एक और प्रदेश को कांग्रेस मुक्त करने के अभियान का मोदी 27 को करेंगे आगाज
शिमला। 27 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान से आगामी विधानसभा चुनाव के प्रचार का शंखनाद करेंगे। उसके बाद तीन मई को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह शिमला आएंगे।
शिमला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ चल रहे अदालती मामलों से सत्तारूढ़ दल कांग्रेस में चल रहे अनिश्चितता के महौल के बीच विपक्षी दल भाजपा ने अगले विधानसभा चुनावों के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश में इसी साल के अंत तक चुनाव होने हैं। इसी के चलते बीजेपी के कोर कमेटी की बैठक दिल्ली में हुई। अमित शाह के साथ हो रही ये बैठक खासी अहम है। इस बेठक में प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार, जेपी नड्डा, अनुराग ठाकुर, वीरेंद्र कश्यप आदि नेता मौजूद रहे। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन), राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री, प्रदेश प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) स्थायी आमंत्रित किए गए। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल भी गुरुवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली में मिले और उन्हें प्रदेश के राजनीतिक हालातों पर फीडबैक दिया।

27 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान से आगामी विधानसभा चुनाव के प्रचार का शंखनाद करेंगे। उसके बाद तीन मई को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह शिमला आएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शिमला दौरा तय हो गया है। वो 11 बजे रिज मैदान पर भाजपा की रैली को संबोधित करेंगे। ये पूरी तरह पार्टी का आयोजन होगा। भाजपा ने पीएम की रिज पर होने वाली रैली के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। शिमला संसदीय क्षेत्र से लोगों को इस रैली के लिए लाया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश भाजपा की बड़ी बैठकें 25 से 27 अप्रैल तक शिमला में आयोजित की जा रही हैं। 25 को पार्टी पदाधिकारियों की बैठक होगी जबकि 26 को कार्यसमिति और 27 को प्रदेश पार्टी परिषद की बैठक बुलाई गई है। पार्टी की तीन दिवसीय ये बैठकें शिमला के होटल पीटरहाफ में की जाएंगी। पदाधिकारियों की बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए जहां रणनीति तैयार होगी, वहीं कुछ अहम मसलों पर भी विचार मंथन होगा। कार्यसमिति की बैठक में जो निर्णय लिए जाएंगे या जो सुझाव आएंगे उन्हें प्रदेश पार्टी परिषद की बैठक में रखा जाएगा। इस दौरान कई प्रस्ताव भी पारित हो सकते हैं। परिषद की बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, प्रतिपक्ष के नेता प्रो. धूमल, सांसद शांता कुमार, अनुराग ठाकुर, वीरेंद्र कश्यप के साथ-साथ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी आ रहे हैं। ये पहला मौका है कि एक अरसे के बाद पार्टी की तरफ से तीनों बैठकें एक साथ बुलाई जा रही हैं। आलाकमान के निर्देश पर तीन दिवसीय बैठकें बुलाए जाने का मकसद ही ये है कि पार्टी वर्करों व नेताओं को विधानसभा चुनाव जल्द करवाने की सुगबुगाहट के बीच चुनाव स्तर पर गियरअप किया जा सके।

बहरहाल यूपी विधानसभा में चुनावी जीत के बाद पार्टी आलाकमान का पूरा ध्यान गुजरात व हिमाचल पर है। 27 अप्रैल को ही प्रधानमंत्री मोदी जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। शिमला एयरपोर्ट से पिछले पांच साल से हवाई सेवाएं नहीं है और शिमला देश में ऐसा एकमात्र राजधानी वाला शहर है जो हवाई सेवाओं से नहीं जुड़ा हुआ है। ये कार्यक्रम भारत सरकार का आधिकारिक कार्यक्रम होगा और इसमें संभवता मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भी शामिल होंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने बताया कि पीएम मोदी का कार्यक्रम फाइनल हो गया है। रिज पर रैली से कांग्रेस मुक्त हिमाचल का अभियान शुरू होगा। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश परिषद की बैठकों का शेड्यूल भी बदल रहा है। ये बैठकें अब 25 और 26 को कर ली जाएंगी और 27 का दिन पूरा रैली के लिए रखा गया है। भाजपा की पूरी प्रदेश परिषद इस रैली में शामिल होगी। प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश दत्त ने कहा कि 2017 को रिज मैदान में होने वाली पार्टी की रैली ऐतिहासिक होगी और मोदी के दूसरे घर हिमाचल प्रदेश में उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। पार्टी ने कहा है कि शिमला शहर को दुल्हन की तरह सजाया और संवारा जा रहा है। प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी पहली बार शिमला आ रहे हैं, इसलिए उनकी हिमाचल की स्मृतियां पुन: उनके जहन में आएंगी और उनके आगमन से पार्टी को बहुत लाभ मिलेगा और प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त होगा।












Click it and Unblock the Notifications