शिवसेना से अरविंद सावंत बनेंगे केंद्र में मंत्री, हर सहयोगी दल से एक मंत्री
नई दिल्ली। महाराष्ट्र की मुंबई दक्षिण लोकसभा सीट से शिवसेना सांसद अरविंद सावंत को केंद्र में मंत्री बनाया जाएगा। गुरुवार शाम को होने वाले शपथ ग्रहण कार्यक्रम में वो केंद्रीय मंत्री के तौर पर शपथ दिलाई जाएगी। शिवसेना नेता संजय राउत ने बताया है कि शिवसेना की ओर से अरविंद सावंत का नाम पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने केंद्रीय मंत्री के तौर पर बढ़ाया है।
संजय राउत ने बताया है कि सभी सहयोगी दलों से एक-एक मंत्री बनाया जाएगा। शिवसेना की ओर से अरविंद सावंत का नाम दिया गया है। अरविंद सावंत ने मुंबई दक्षिण से कांग्रेस के मिलिंद देवड़ा को 1,00,067 वोटों से हराया है। 2014 में भी वो यहां से सांसद चुने गए थे। पिछली सरकार में शिवसेना के अनंत गीते नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री थे। गीते इस चुनाव में रायगढ़ सीट से हार गए थे।
नरेंद्र मोदी आज शाम 7 बजे दूसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण की तैयारियां जोरों पर हैं और इस शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने में बीजेपी ने पूरी कोशिश की है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 6000 मेहमानों को न्योता भेजा गया है। बाहरी मेहमानों में बांग्लादेश, श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, नेपाल और भूटान के प्रमुख शामिल होंगे, इसके अलावा सांसदों और सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को निमंत्रण भेजा गया है। शपथ ग्रहण समारोह में आने वाले मेहमानों के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।
मोदी का शपथ ग्रहण: शाम साढ़े चार बजे शपथ लेने वाले मंत्रियों से मिल सकते हैं पीएम