पीएम मोदी बोले- 8 नवंबर को कांग्रेसी मनाएंगे 'कालाधन दिवस', बेनामी संपत्ति पर चोट करने का दिया संकेत
नई दिल्ली। शनिवार को पीएम मोदी ने बेनामी संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई को लेकर एक बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस इसलिए परेशान है, क्योंकि अगर इस तरह की कार्रवाई होती है तो इसमें उनके नेताओं की बेनामी संपत्ति को छोड़ा नहीं जाएगा। पीएम मोदी ने यह बातें हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही हैं। वह बोले की कांग्रेस नोटबंदी के खिलाफ एक अभियान चला रहा है, जो बेनामी संपत्ति पर उनकी तरफ से धावा बोलने से पहले लोगों को गुमराह करने के लिए चलाया जा रहा है। वह बोले कि कांग्रेस उनके खिलाफ माहौल तैयार कर रही है।
पीएम मोदी बोले कि अब वह समय आ गया है जब गरीबों को वह सब लौटाया जाएगा, जो उनसे लूटा गया है। पीएम ने कहा कि वह ऐसा हालात पैदा करने जा रहे हैं, जिसके बाद कांग्रेस के लोग बेनामी संपत्तियों पर अपना फिर से दावा नहीं कर सकेंगे। 8 नवंबर को नोटबंदी को एक साल पूरा हो रहा है और कांग्रेस ने 8 नवंबर को काला दिवस मनाने का फैसला किया है। कांग्रेस के इस फैसले पर पीएम मोदी ने कहा कि वास्तव में 8 नवंबर विपक्षी दलों के लिए कालाधन दिवस है।
पीएम ने कहा कि बेनामी संपत्ति वाले लोग घबराए हुए हैं। वह बोले कांग्रेस की परेशानी यह है कि भूमि, फ्लैट, दुकान जैसी संपत्तियों को भी अब 500 और 1000 रुपए के नोट की तरह ही नहीं छोड़ा जाएगा। इसीलिए कांग्रस के लोग बेनामी संपत्ति पर उनकी तरफ से कोई तूफान खड़ा करने से पहले एक ऐसा माहौल तैयार कर रहे हैं, जिससे वह लोगों को कालाधन दिवस मनाकर गुमराह कर सकें।
ये भी पढ़ें- इंडियन बिजनेस फोरम की बैठक में PM मोदी ने खोला बड़ा राज, आप भी जानिए