भारत और नीदरलैंड्स के बीच कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर, मोदी ने कही ये बड़ी बातें
नई दिल्ली। अपनी दो दिन की यात्रा पर भारत आए नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री मार्क रट और नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली में दोनों देशों के बीच कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए। दोनों प्रधानमंत्रियों ने एक साझा बयान भी जारी किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान नीदरलैंड्स के पीएम और उनके साथ आए डेलीगेशन का स्वागत किया। मोदी ने बताया कि उन्होंने नीदरलैंड्स को इंटरनेशनल सोलर अलायंस में शामिल होने के लिए आग्रह किया था और उन्हें खुशी है कि नीदरलैंड्स अब इंटरनेशनल सोलर अलायंस का सदस्य बन गया है। रट गुरुवार को ही दो दिन के दौरे पर दिल्ली पहुंचे हैं।

पीएम मोदी ने बताया कि 2015 के बाद उनकी नीदरलैंड्स के पीएम के साथ ये तीसरी मुलाकात है। उन्होंने कहा कि हमने क्षेत्रीय और वैश्विक मसलों के साथ-साथ दोनों देशों के बीच रिश्तों पर बात की है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों कई अहम मुद्दों पर साझा प्रयासों से काम कर रहे हैं, जिन्हें वक्त के साथ और मजबूती दी जाएगी। नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री मार्क रट ने कहा है कि कई भारतीय कंपनियां उनके देश में काम कर रही हैं और विकास में सहायक हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में वो भारत के साथ और बेहतर संबंधों की उम्मीद करते हैं।

इससे पहले पीएम मोदी ने ट्वीट कर मार्क का स्वागत किया। दोनों नेता पहली बार पिछले वर्ष जून में मिले थे और उस मुलाकात के एक वर्ष पूरा होने के पहले ही मोदी और मार्क एक बार फिर से मिल रहे हैं। मार्क ने पिछले वर्ष मोदी को एक साइकिल गिफ्ट की थी। डच पीएम के साथ अब तक का सबसे बड़ा डेलीगेशन भारत आया है। मार्क ने हिंदी में ट्वीट कर कहा कि भारत और नीदरलैंड्स के रिश्ते पिछले सात वर्षों में काफी मजबूत हुए हैं। इसके बाद मोदी ने भी उनकी भाषा में ही उन्हें जवाब दिया।












Click it and Unblock the Notifications