ब्लैक मनी और भ्रष्टाचार पर किए वादों को पूरा करने में विफल रहे मोदी: कांग्रेस
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सुख ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काले धन, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी पर अपने वादे पूरे करने में विफल रहे हैं। सुख ने सिरमौर जिले के शिलाई में एक सार्वजनिक सभा में कहा कि ऐसा लगता है कि देश से संबंधित मुद्दों पर भ्रामक बयानों के जरिए सत्ता हासिल करने की उनकी सुनियोजित साजिश थी। सुख ने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री एम वेंकैया नायडू ने भी संसद में काले धन पर एक बहस के दौरान कहा कि भाजपा ने 100 दिन के भीतर काला धन वापस लाने का वादा कभी नहीं किया।

सुख ने भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से आग्रह किया कि उन्हें राज्य विधानसभा के शीतकालीन सत्र में एक रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए ताकि राज्य की जनता से जुड़े मुद्दे सुलझाए जा सकें। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने अतीत में विधानसभा सत्रों में रचनात्मक विपक्ष की भूमिका नहीं निभाई, जिसके कारण सार्वजनिक मुद्दों पर चर्चा नहीं हो सकी और विधानसभा सत्र को निर्धारित बैठकों से पहले ही स्थगित करना पड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications