आडवाणी दरकिनार, मोदी के सिर सजा ताज, बने पीएम उम्मीदवार
नयी दिल्ली। तमाम अड़चनों और वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी के बाद गुजरात के मुख्यमंत्री और बीजेपी के चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री उम्मीदवार घोषित कर दिया है। बीजेपी की संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद मोदी को लोकसभा चुनाव 2014 के लिए पार्टी का पीएम उम्मीदवार घोषित किया गया है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद मोदी के नाम पर मुहर लगा दी। राजनाथ सिंह ने जैसे ही ऐलान किया लंबे समय से चला आ रहा संस्पेस भी खत्म हो गया और पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। मालूम हो कि मोदी के नाम पर पार्टी के बीच मतभेद अंत कर जारी रहा।

बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी शुरु से ही मोदी की ताजपोशी को लेकर पार्टी से नाराज रहे। उन्हें मनाने के लिए राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, नितिन गडकरी, अंनत कुमार जैसे आला नेता कोशिश करते रहे, लेकिन अंत तक उन्हें मना नहीं पाए। अखिरकार संसदीय बोर्ड ने लाल कृष्ण आड़वाणी को दरकिनार करने का फैसला किया और मोदी के नाम पर मुहर लगा दी गई। इस बैठक में शामिल होने के लिए खुद नरेंद्र मोदी गुजरात से दिल्ली पहुंचे। बैठक में सुषमा स्वराज, वेंकैया नायडू, राजनाथ सिंह, अनंत कुमार, मुरली मनोहर जोशी समेत बोर्ड के सभी सदस्य मौजूद थे।
राजनाथ ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2013 या 2014 में हो सकते हैं। जनता की भावना को देखते हुए हमने मोदी को प्रधानमंत्री का प्रत्याशी बनाने का फैसला लिया। राजनाथ ने घोषणा के बाद मोदी को संसदीय बोर्ड की तरफ से बधाई दी। प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवारी का ऐलान होने के बाद नरेन्द्र मोदी ने बड़े साफ और सीधे लहजे में कहा कि वो पार्टी को जिताने के लिये अपनी जान तक लगा देंगे। उन्होंने कहा कि वो पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को एक साथ लेकर चलेंगे। मोदी ने कहा कि पार्टी ने एक छोटे कस्बे से आये कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी उसके लिये वो आभार व्यक्त हैं। वहीं इस ऐलान के बाद नरेन्द्र मोदी लाल कृष्ण आडवाणी से मिलने उनके आवास के लिये रवाना हो गये।
शिवसेना ने किया मोदी का समर्थन
शिवसेना ने मोदी को भाजपा का पीएम पद का उम्मीदवार बनाए जाने का समर्थन किया है। शिवसेना के प्रवक्ता संजय राउत ने कहा कि वो मोदी का समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में एनडीए कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी। संजय ने कहा कि आडवाणी राजनीति में भीष्म पितामह के रूप में हैं। हमने हमेशा उनका मार्गदर्शन लिया है।
पार्टी के फैसले के साथ शिवराज
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने एक अंग्रेजी चैनल को दिए बयान में स्पष्ट किया कि पार्टी पीएम पद के उम्मीदवार के लिए जो भी फैसला लेगी, वो उसका समर्थन करेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले शिवराज सिंह चौहान की तरह से मोदी को लेकर बगावत के सुर उठे थे, लेकिन अब उन पर भी नमो का जादू चल गया है।












Click it and Unblock the Notifications