Nandigram Bypoll: नंदीग्राम में ममता बनर्जी खुद लड़ेंगी चुनाव? TMC नेता ने क्यों छोड़ा मैदान? अब खुला राज

Nandigram Bypoll Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल में होने वाले उपचुनाव ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। सवाल सिर्फ दो सीटों पर होने वाले चुनाव का नहीं है। चर्चा इस बात की है कि क्या ममता बनर्जी खुद मैदान में उतरेंगी?

नंदीग्राम में टीएमसी के वरिष्ठ नेता अबु ताहिर ने तो खुलकर कह दिया है कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा है कि ममता बनर्जी को खुद नंदीग्राम से चुनाव लड़ना चाहिए। दिलचस्प बात यह है कि इसी सीट पर 2021 में ममता बनर्जी को सुवेंदु अधिकारी से हार मिली थी।

Nandigram Bypoll Mamata Banerjee

नंदीग्राम में TMC नेता ने क्यों खड़े किए हाथ?

नंदीग्राम उपचुनाव 6 अक्टूबर को होना है और 9 अक्टूबर को नतीजे आएंगे। लेकिन टीएमसी के अंदर उम्मीदवार को लेकर तस्वीर अभी साफ नहीं है। अबु ताहिर ने चुनाव लड़ने से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा, "ममता बनर्जी को नंदीग्राम आकर खुद चुनाव लड़ना चाहिए। जब टीएमसी सत्ता में थी, तब वह चुनाव लड़ने यहां आई थीं। अब मैं चुनाव क्यों लड़ूं?"

ताहिर ने अपनी नाराजगी भी खुलकर जाहिर की। उनका कहना है कि टीएमसी के 15 साल के शासन में उन्हें कभी पार्टी उम्मीदवार के तौर पर तरजीह नहीं मिली। उन्होंने कहा, "जब इतने साल तक मुझे उम्मीदवार बनने लायक नहीं समझा गया, तो अब मुझे चुनाव में बलि का बकरा क्यों बनाया जाए? अगर मुझसे चुनाव लड़ने को कहा गया, तो मैं मना कर दूंगा।"

ममता के लिए नंदीग्राम कितना सुरक्षित दांव?

ममता बनर्जी के लिए नंदीग्राम का चुनाव आसान नहीं होगा। 2021 में वह खुद यहां से मैदान में थीं और शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें 1,956 वोटों से हराया था। 2026 में भी तस्वीर टीएमसी के पक्ष में नहीं बदली। इस बार पार्टी उम्मीदवार पवित्र कर को शुभेंदु अधिकारी ने 9,665 वोटों से मात दी।

यानी दो चुनावों में नंदीग्राम ने टीएमसी को लगातार झटका दिया है। फिर भी पार्टी के कुछ नेताओं को लगता है कि ममता के खुद उतरने से मुकाबले का पूरा माहौल बदल सकता है। विधायक बनने के बाद वह विधानसभा के भीतर सीधे सरकार को घेर सकती हैं और पार्टी की आवाज को सदन में ज्यादा मजबूती से रख सकती हैं।

रेजीनगर में मुस्लिम वोट कितना बड़ा फैक्टर?

दूसरी सीट रेजीनगर है, जो मुर्शिदाबाद जिले में आती है और बहरामपुर लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। यह सीट हुमायूं कबीर के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। कबीर ने नाओदा सीट से भी जीत दर्ज की थी। रेजीनगर में करीब 65 फीसदी मुस्लिम आबादी है।

यही वजह है कि कुछ नेताओं को लगता है कि यहां ममता बनर्जी के लिए समीकरण अलग हो सकते हैं। कांग्रेस का भी इस इलाके में पुराना प्रभाव रहा है। पार्टी के अंदर से यह सुझाव आया है कि दोनों सीटों पर कांग्रेस के साथ तालमेल किया जाए। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार का नाम नंदीग्राम के लिए भी सामने आया है। वह स्थानीय निवासी हैं। हालांकि उम्मीदवार को लेकर अभी कोई अंतिम ऐलान नहीं हुआ है।

TMC के बागी गुट ने अभिषेक को भी दी चुनौती

मामला सिर्फ ममता बनर्जी बनाम बीजेपी तक सीमित नहीं है। ऋतब्रत बनर्जी की अगुवाई वाला टीएमसी का बागी गुट भी दोनों सीटों पर उतरने की तैयारी में है। इस गुट ने खुद को असली तृणमूल कांग्रेस बताया है। गुट के नेता रिजू दत्ता ने कहा, "अबु ताहिर बिल्कुल सही कह रहे हैं।

अगर ममता बनर्जी खुद चुनाव नहीं लड़ना चाहतीं, तो उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी को नंदीग्राम से मैदान में उतरना चाहिए।" इस गुट ने यह भी दावा किया है कि वह दोनों सीटों पर उम्मीदवार उतारेगा और उसके उम्मीदवार को पार्टी का चुनाव चिन्ह मिलेगा।

सबसे बड़ा पेंच चुनाव चिन्ह पर क्यों है?

इस पूरे विवाद का सबसे बड़ा पहलू टीएमसी के चुनाव चिन्ह और पार्टी की पहचान से जुड़ा है। पहले शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में टूट के बाद चुनाव चिन्ह को लेकर बड़े विवाद सामने आ चुके हैं। दोनों मामलों में बागी गुटों ने खुद को असली पार्टी बताया था। अब ऋतब्रत बनर्जी का गुट भी यही दावा कर रहा है। ऐसे में उपचुनाव सिर्फ सीट जीतने की लड़ाई नहीं रहेगा। पार्टी और चुनाव चिन्ह पर नियंत्रण भी बड़ा मुद्दा बन सकता है।

BJP बोली- ममता दोनों सीटों से लड़ें तो अच्छा है

बीजेपी भी इस पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही है। पार्टी नेता सजल घोष ने तंज कसते हुए कहा, "ममता बनर्जी दोनों सीटों से चुनाव लड़ लें। हमें उन्हें फिर हराने में खुशी होगी।" वहीं टीएमसी नेता कुणाल घोष ने पार्टी के पक्ष में भरोसा जताया। उन्होंने कहा, "लोग ममता बनर्जी के साथ हैं और हमारे उम्मीदवार का चुनाव लड़ना तय है।"

08 सितंबर को मजिस्ट्रेट की ओर से बुलाई गई बैठक में करीब सभी दल पहुंचे, लेकिन टीएमसी वहां मौजूद नहीं थी। इसे उम्मीदवार तय नहीं होने से जोड़कर भी देखा गया। अब असली सवाल यही है कि टीएमसी नंदीग्राम में किसे उतारती है। क्या ममता बनर्जी खुद पुरानी हार का हिसाब बराबर करने उतरेंगी? या पार्टी किसी दूसरे चेहरे पर दांव लगाएगी? उपचुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ बंगाल की सियासत में यह सवाल और बड़ा होता जा रहा है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+