राजौरी में शहीद जवानों को नम आंखों से दी जा रही विदाई, उत्तराखंड के लाल को CM धामी ने भी श्रद्धांजलि
Rajouri encounter में शहीद पांच जवानों को आखिरी विदाई दी जा रही। शहीदों में दो जवान उत्तराखंड से थे।

राजौरी में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है, जहां भारतीय सेना ने शुक्रवार को ही पैरा कमांडोज को उतार दिया था। इस घटना में अभी तक एक आतंकी मारा गया, जबकि पांच जवान शहीद हुए हैं। भारतीय सेना ने अब शहीद जवानों के नाम जारी किए हैं।
भारतीय सेना के मुताबिक हवलदार नीलम सिंह, नायक अरविंद कुमार, लांस नायक आरएस रावत, प्रमोद नेगी और एस. छेत्री ने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान दिया। भारतीय सेना प्रमुख और सभी रैंक शहीद जवानों को नमन करते हैं।
राजौरी पहुंचे रक्षामंत्री
वहीं दूसरी ओर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी राजौरी पहुंच गए हैं। उनके साथ सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा मौजूद हैं। वहां पर वो सैन्य अधिकारियों के साथ हालात की समीक्षा कर रहे। साथ ही उन्हें उत्तरी सेना के कमांडर ने जमीनी हालात की जानकारी दी।
सीएम धामी ने दी श्रद्धांजलि
वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लांस नायक रुचिन सिंह रावत और पैराट्रूपर प्रमोद नेगी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए सीएम ने कहा कि 2 शहीदों के पार्थिव शरीर यहां पहुंचे हैं। मैं उनको श्रद्धांजलि देता हूं। उन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया है। कहीं ना कहीं ये हम सबके लिए गौरव की बात भी है।
एलजी ने भी दी श्रद्धांजलि
शनिवार सुबह ही शहीद जवानों के शव जम्मू लाए गए थे। वहां पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उनको श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सभी के शव उनके पैतृक गांव भेजे गए।
पुंछ में भी शहीद हुए थे 5 जवान
आपको बता दें कि ईद से पहले पुंछ में एक बड़ा आतंकी हमला हुआ था, जहां आतंकियों ने सेना के एक ट्रक को निशाना बनाया। उन्होंने पहले उस पर ग्रेनेड फेंका और फिर गोलीबारी शुरू कर दी। जिसमें पांच जवान शहीद हुए थे। सेना उसी का बदला लेने के लिए राजौरी में बड़े पैमाने पर अभियान चला रही है।












Click it and Unblock the Notifications