प्रदर्शन कर रहे किसानों को फ्री में खाना खिला रहा है अमरीक सुखदेव ढाबा, लोगों ने किया सलाम
नई दिल्ली। हरियाणा-दिल्ली हाईवे पर स्थित मुरथल का अमरीक सुखदेव ढाबा आसपास के राज्यों में बहुत फेमस है। दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा और पंजाब से कई लोगों इस ढाबे के खाने के शौकीन हैं, लेकिन पिछले 2 दिन से इस ढाबे पर प्रदर्शन कर रहे किसानों को फ्री में खाना खिलाया जा रहा है। अमरीक सुखदेव ढाबे ने प्रदर्शन करने के लिए दिल्ली जा रहे किसानों के लिए अपने दरवाजे खोल दिए हैं। ढाबे पर किसानों को फ्री भोजन कराया जा रहा है। सोशल मीडिया पर अब ढाबे की खूब सराहना हो रही है।
Recommended Video
यूथ कांग्रेस ने किया ढाबे को सैल्यूट
अमरीक सुखदेव ढाबे को अब लोग सैल्यूट कर रहे हैं। यूथ कांग्रेस विंग के ट्विटर हैंडल से इस ढाबे का वीडियो शेयर किया गया है। वीडियो के साथ यूथ कांग्रेस ने लिखा है, 'यह मेरा भारत है! इसे सलाम। दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर मुरथल का अमरीक सुखदेव ढाबा किसानों को मुफ्त में खाना खिला रहा है।"
CPIM ने ढाबे को किया 'लाल सलाम'
यूथ कांग्रेस के अलावा CPIM महाराष्ट्र राज्य समिति ने भी इस ढाबे को 'लाल सलामी' दी। CPIM महाराष्ट्र ने ट्वीट कर कहा है, "ये कहानियां हैं जो हमारे समाज को जीने और जीने के लिए एक खूबसूरत जगह बनाती हैं, अमरीक सुखदेव ढाबा को लाल सलाम।"
बॉर्डर पर 2 दिन से डटे हैं किसान
आपको बता दें कि केंद्र सरकार के कृषि कानून के विरोध में पंजाब से दिल्ली की तरफ मार्च कर रहे किसान पिछले 2 दिन से हरियाणा बॉर्डर पर डटे हुए हैं। शुक्रवार शाम को दिल्ली पुलिस ने किसानों को बॉर्डर पार करने की इजाजत दे दी, लेकिन किसानों ने उसे ठुकरा दिया। किसानों की मांग है कि उन्हें रामलीला मैदान में जाने दिया जाए और पुलिस ने किसानों को निरंकारी ग्राउंड में धरना देने की अनुमति दी थी।