Sharjeel Imam slogan: उर्वशी चूडावाला समेत 50 के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज
मुंबई। शरजील इमाम के समर्थन में की गई नारेबाजी के खिलाफ मुंबई पुलिस ने तकरीबन 50 लोगों के खिलाफ राजद्रोह जैसे मामले दर्ज किए हैं, आरोपियों के खिलाफ धारा 124ए (राजद्रोह), 153बी (राष्ट्रीय अखंडता के लिए पूर्वाग्रह) और 505 (सार्वजनिक दुर्व्यवहार वाले बयान) के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
उर्वशी चूडावाला TISS Queer Collective से जुड़ी हुई हैं
इनमें एक आरोपी का नाम उर्वशी चूडावाला है, वह टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज में एमए की छात्रा हैं और वो जेंडर भेदभाव के खिलाफ काम करने वाले संगठन TISS Queer Collective से भी जुड़ी हुई हैं, मुंबई पुलिस ने कहा कि चूडावाला को पूछताछ के लिए दो बार बुलाया गया लेकिन वह हाजिर नहीं हुई।
यह पढ़ें: IMD Warning: फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, इन राज्यों में बरसेंगे बादल, बढ़ेगी सर्दी
क्या है पूरा मामला?
एक फरवरी को आजाद मैदान में एलजीबीटीक्यू के कार्यक्रम में जामिया विवि में देश विरोधी बयान के आरोप में गिरफ्तार शरजील इमाम के समर्थन में राष्ट्र विरोधी नारे लगाए गए थे, मुंबई पुलिसने बताया कि रैली में 'शरजील तेरे सपनों को हम मंजिल तक पहुंचाएंगे' नारा लगाने वालों में चूड़ावाला सबसे आगे थीं, उनका वीडियो भी वायरल हो रहा है, भाजपा के पूर्व सांसद किरिट सोमैया ने दो फरवरी को इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी।
शरजील इमाम ने दिया था विवादित बयान
दिल्ली स्थित जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के स्कॉलर शरजील इमाम ने भारत के टुकड़े-टुकड़े करवाने जैसा भाषण दिया था। विवादास्पद वीडियो सामने आने के बाद देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार शरजील इमाम की पुलिस हिरासत की अवधि 3 दिन के लिए और बढ़ा दी है। मालूम हो कि शरजील इमाम को बिहार के जहानाबाद से 28 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था।