Mumbai Rains: सब-वे में फंसी गाड़ी, बाहर निकलने की सारी कोशिशें हुई नाकाम, 2 लोगों की मौत
मुंबई। पिछले दो दिनों से मायानगरी मुंबई में भारी बारिश हो रही है, जिसकी वजह से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। तमाम स्कूल ,कॉलेज और ऑफिस में आज सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। महाराष्ट्र में बारिश से जुड़ी घटनाओं में पिछले 24 घंटों में 32 लोगों की मौत हो गई। इसमें मुंबई में 20 लोगों की मौत हुई है। भारी बारिश में सड़कें डूब चुकी हैं, आवागमन बुरी तरह बाधित है। इस बीच मिलान सब-वे में कार में फंसने से दो लोगों के मरने की खबर आ रही है।

मुंबई के मिलान सब-वे में दो लोग अपनी गाड़ी में फंसकर डूब गए। बताया जा रहा है कि सब-वे में पानी भरा हुआ था, जिसमें एक स्कॉर्पियो फंस गई थी। कार के अंदर बैठे दोनों लोगों ने दरवाजा खोलने और खिड़कियों को तोड़ने की पूरी कोशिश की लेकिन बाहर से पानी के दबाव के कारण वे निकल ना सके और दोनों अपनी जान गंवा बैठे। मुंबई में बारिश से हाहाकार मचा है और जानमाल का काफी नुकसान हुआ है।
सोमवार रात में तीन जगह दीवारें गिरने की घटनाओं में 31 लोगों की मौत हुई है। इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस BMC के दफ्तर पहुंचे थे, यहां से उन्होंने पूरे शहर के हालात का जायजा लिया। मायानगरी में यातायात पर भारी असर पड़ा है। मौसम विभाग का कहना है कि मुंबई में मूसलाधार बारिश का दौर आज भी जारी रहेगा। महाराष्ट्र के अन्य जिलों में भी भारी बारिश हो रही है।
मुंबई में बारिश का कहर जारी
मुंबई में हालात इस कदर खराब हो गए हैं कि सड़कों पर मदद करने के लिए नौसेना को उतरना पड़ा है। कुर्ला इलाके में बीएमसी की गुजारिश पर नौसेना की टीम पहुंची है। यहां आईएनएस तनजी और अन्य टीमें आई हैं। यहां चारों ओर पानी भरा हुआ है। जबकि एनडीआरएफ की टीम भी मदद के लिए पहुंची है। एनडीआरएफ की टीम ने इन इलाकों में एक हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम किया है।












Click it and Unblock the Notifications