भारी बारिश के कारण दिल्ली से मुंबई जाने वाली 4 फ्लाइट्स रद्द, 16 उड़ानें लेट
नई दिल्ली। मुंबई में शुक्रवार से लगातार हो रही भारी बारिश ने मायानगरी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। मौसम विभाग का कहना है कि मुंबई में मूसलाधार बारिश का दौर आज भी जारी रहेगा। महाराष्ट्र के अन्य जिलों में भी भारी बारिश हो रही है। सोमवार रात में तीन जगह दीवारें गिरी हैं, इन तीनों घटनाओं में 31 लोगों की मौत हुई है। वहीं, लगातार हो रही बारिश के कारण मुंबई जाने वाली उड़ानों पर भी इसका असर पड़ा है।

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि 16 फ्लाइट्स निर्धारित समय से लेट हैं जबकि 4 उड़ानों को रद्द करना पड़ा है। इसके पहले, भारी बारिश के बीच सोमवार को छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टल गया। यहां सोमवार को रात में लैंडिंग करते वक्त स्पाइसजेट का विमान रनवे पर फिसल गया, जिसके बाद लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि, इस हादसे में जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ।
इस घटना के बाद तुरंत ही इस रनवे को बंद कर दिया गया साथ ही उड़ानों के संचालन के लिए दूसरे रनवे का इस्तेमाल किया जा रहा है। यही नहीं अधिकारियों ने बताया कि कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बेंगलुरू और अहमदाबाद हवाई अड्डे से रवाना किया जा सकता है।
पिछले दो दिनों से मुंबई में भारी बारिश हो रही है, जिसकी वजह से सामान्य जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। तमाम स्कूल ,कॉलेज और ऑफिस में आज सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। यही नहीं दर्जनों ट्रेनों के संचालन को रोक दिया गया है, कई ट्रेनों के रूट में भी परिवर्तन किया गया है। लोगों से अपील की गई है कि भारी बारिश को देखते हुए एहतियात बरतें।












Click it and Unblock the Notifications