गुटखा खाकर स्विमिंग पूल में तैरने गया शख्स, घुटन से हो गई मौत
मुंबई। मुंबई के कल्याण में स्विमिंग पूल में तैरने गए एक युवक की घुटन से मौत हो गई। इसके पीछे शख्स द्वारा पूल में उतरने से पहले गुटखा खाए जाने को वजह बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि स्विमिंग करते समय शख्स ने संभवत: मुंह में रखे गुटखे को खा लिया। फिलहाल युवक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का पुलिस इंतजार कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक कल्याण इलाके में रहने वाले शरद परिहार (22 वर्ष), अपने दोस्त विनायक के साथ रविवार को कल्याण-दोंबीवली म्युनिसिपल कार्पोरेशन द्वारा बनाए पुल में तैरने गए थे। पूल पर तैनात लाइफगार्ड, बाला महात्रे ने बताया कि शरद ने पूल में छलांग लगाया कि लेकिन वो बाहर नहीं आया। महात्रे ने तुरंत छलागं लगाकर शरद को पूल में अन्य लोगों की मदद से बाहर निकाला और किनारे पर ले आया।
महात्रे का कहना है कि जब वो शरद को बाहर निकाल रहा था उस वक्त वो अपने मुंह से गुटखा बाहर निकालने की कोशिश कर रहा था। शरद को तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। स्विमिंग पूल का देखरेख करने वाले धरमसिंह बोयट ने बताया कि संभवत: गुटखा घोंटने की वजह से उसकी सांसे रुक गई थी।
वहीं सीनियर सब इंस्पेक्टर गजानन कबडुले ने बताया कि प्राथमिक जांच में यब बात सामने आई है कि शरद ने स्विमिंग पुल में उतरते समय गुटखा खाया हुआ था। उसके परिवार वालों का भी कहना है कि वो गुटखा खाता था। लेकिन उसकी मौत गुटखा की वजह से ही हुई या नहीं, ये पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।












Click it and Unblock the Notifications