मुंबई फुटओवर ब्रिज हादसा: BMC इंजीनियर काकुल्टे गिरफ्तार
मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई में 14 मार्च को छत्रपति शिवाजी टर्मिनल रेलवे स्टेशन के पास बने एक फुटओवर ब्रिज गिरने के मामले में पुलिस ने सोमवार को सहायक इंजीनियर एसएफ काकुल्टे को गिरफ्तार कर लिया। काकुल्टे को जिला मजिस्ट्रेट के सामने आज यानी मंगलवार को पेश किया जाएगा। आपको बता दें कि बीते 14 मार्च को फुटओवर ब्रिज गिर गया था जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 36 अन्य घायल हो गए थे। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50000 रुपए मुआवजे का ऐलान किया था।
इस घटना के बाद से मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने फौरन जांच के आदेश दिए। इसके बाद प्रशासन ने रेलवे और अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसके अलावा आयुक्त ने बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के दो सेवानिवृत्त मुख्य अभियंताओं के खिलाफ भी विभागीय जांच के आदेश दिए गए थे।
नगर आयुक्त मेहता ने 2017-18 में ब्रिज का स्ट्रक्चरल ऑडिट करने वाले एक्जिक्यूटिव इंजिनियर एआर पाटिल और 2013-14 में इस ब्रिज की मरम्मत का काम कराने वाले असिस्टेंट इंजिनियर एसएफ काकुल्टे को निलंबित करते हुए इनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए थे। गौरतलब है कि इससे पहले 29 सितंबर 2017 में मुंबई के एलफिंस्टन रेलवे स्टेशन (अभी प्रभादेवी स्टेशन) पर भी फुट ओवर ब्रिज पर भगदड़ हुई थी। इसमें 23 लोगों की मौत हो गई थी। जबकि 50 लोग जख्मी हुए थे।