CM उद्धव के फार्महाउस पर संदिग्धों ने पहुंचकर की पूछताछ, मुंबई ATS ने किया गिरफ्तार
नई दिल्ली: महाराष्ट्र एटीएस ने कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के फार्महाउस पर जाकर पूछताछ की थी। साथ ही जब वहां पर मौजूद गार्ड ने पूछताछ का कारण पूछा, तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इससे पहले दाऊद के गुर्गों का फोन आने के बाद सीएम उद्धव की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। इसके अलावा राज्य के गृहमंत्री अनिल देखमुख को भी धमकी भरे कॉल्स आ रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक खालापुर तहसील के भिलवले गांव में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का निजी फार्महाउस है। मंगलवार शाम को 7.30 बजे के करीब वहां पर कुछ लोग कार से आए। इसके बाद गार्ड के पास जाकर फार्महाउस से संबंधित जानकारी मांगी। इस पर गार्ड ने उनकी पहचान और पूछताछ की वजह पूछी, जिस पर उन लोगों ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद वो लोग वहां से चले गए।
इस बीच गार्ड ने उन लोगों की गाड़ी का नंबर नोट कर लिया। इसके बाद इसकी जानकारी महाराष्ट्र पुलिस और मुख्यमंत्री कार्यालय को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एटीएस भी हरकत में आ गई। अब एटीएस की एक टीम ने नवी मुंबई टोल प्लाजा के पास उस कार को पकड़ा है। साथ ही उसमें सवार सभी लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इससे पहले दाऊद के गुर्गों का फोन आने पर ही महाराष्ट्र पुलिस ने सीएम की सुरक्षा को बढ़ा दिया था।
गृहमंत्री के ऑफिस में भी आ रहे फोन
महाराष्ट्र गृहमंत्री कार्यालय के मुताबिक राज्य के गृहमंत्री अनिल देशमुख के नागपुर स्थित ऑफिस में मंगलवार को धमकी भरे कॉल आए हैं। ये फोन कॉल फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत को लेकर दिए गए बयान के कारण आए। इससे पहले गृहमंत्री ने ड्रग्स के मामले में कंगना रनौत के खिलाफ जांच की बात कही थी।












Click it and Unblock the Notifications