मुंबई: बार में होता था अश्लील डांस, पुलिस की रेड में 7 गिरफ्तार
नई दिल्ली। मुंबई के अंधेरी इलाके में स्थित बार में पुलिस ने छापेमारी करके 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह छापेमारी बीती रात को की गई है। पुलिस छापेमारी के बाद यहां से पांच महिलाओं को सुरक्षित निकाला गया, जिनसे डांस बार में जबरन काम कराया जाता था। एक अधिकारी ने बताया कि छापेमारी नाइट लवर्स बार में की गई है जोकि अंधेरी के औद्योगिक इलाके में स्थित है। पुलिस को इस बात की जानकारी मिली थी कि यहां बार में आपत्तिजनक डांस होता है, जिसके बाद पुलिस ने बार में छापेमारी की और सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
डेप्युटी कमिश्नर ऑफ पुलिस अंकित गोयल ने बताया कि हमने बार के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा दो वेटर और चार ग्राहकों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पांच महिलाओं को बार से बचाया गया है। जिन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है उनके खिलाफ भारतीय दंड संहित की धारा 294 के तहत केस दर्ज किया है। इन लोगों के खिलाफ महाराष्ट्र प्रोहिबिशन ऑफ ऑबसीन डांस के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।