भाजपा ने झूठे वायदे किए, लोग समझे मोदी बहादुर हैं, हम हार गए- मुलायम
यूपी में हार का कारण मुलायम सिंह ने बताया भाजपा ने किए झूठे वायदे, लोग मोदी की जय जय करने लगे।
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा सांसद मुलायम सिंह यादव ने आज लोकसभा में यूपी में पार्टी की हार का कारण भाजपा के झूठे वायदे को करार दिया है। मुलायम सिंह यादव ने कहा कि आपने लोगों से झूठे वायदे किए, लोगों ने समझा बहादुर प्रधानमंत्री हैं औऱ वो जय मोदी, जय मोदी करने लगे। उन्होंने कहा कि आपने लोगों से जो वायदे किए हैं उसे निभाना पड़ेगा, वरना जनता पलटना भी जानती है।

जनता पाटना भी जानती है
मुलायम ने कहा कि यूपी बनाना भी जानता है पाटना भी जानता है, अगर वायदा पूरा नहीं किया है तो देख लेना क्या होगा। उन्होंने कहा कि हमने लोगों से जो भी वायदा किया उसे पूरा करके दिखाया है, इस सदन में कोई भी ऐसा नहीं है जो खड़ा होकर यह कह दे कि हमने अपने वायदे को पूरा नहीं किया है। हमने अपनी सरकार के दौरान जनता से किए हर वायदे को पूरा किया है।

हमने जो कहा वो पूरा किया
यूपी में अपनी हार से निराश मुलायम सिंह ने कहा कि हमने प्रदेश में अपनी सरकार के दौरान जो भी वायदे किए उसे पूरा किया और इसके बाद भी हम हार गए। हमने जो कहा वह किया गरीब बच्चों की पढ़ाई मुफ्त की, छात्राओं को कन्या विद्या धन दिया, बुजुर्गों को समाजवादी पेंशन दी, लोगों को मुफ्त इलाज मुहैया कराया। यहां तक कि विदेश में भी अगर हमें जाना पड़ा है तो हमने उसे भेजा है। हम यूपी में चुनाव इसलिए हारे क्योंकि आप लोगों ने झूठे वायदे किए।

गरीबों के लिए योजना लाए सरकार
मुलायम सिंह ने प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार से अपील की की क्या इस देश में गरीबों की बात होगी, सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं मरे,कोई सर्दी से नहीं मरे, किसी को गर्मी में लू नहीं लगे। मुलायम ने कहा कि जिनका पेट खाली होता है उन्हें कभी लू नहीं लगती है, लिहाजा प्रदेश में इस बात को सुनिश्चित किया जाना चाहिए प्रदेश में एक भी व्यक्ति गरीबी और भुखमरी से नहीं मरे। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने लोगों से वायदा किया है कि एक भी व्यक्ति भूखा नहीं सोएगा, इस वायदे को पूरा करना चाहिए।

जीएसटी बिल पर चल रही है चर्चा
गौरतलब है कि संसद में आज जीएसटी बिल को पेश किया गया, जिसपर संसद के दोनों सदनों में चर्चा चल रही है, इसी दौरान मुलायम सिंह यादव को संसद में बोलने का समय दिया गया था, लेकिन मुलायम सिंह ने जीएसटी पर बोलने की बजाए यूपी के मुद्दे पर ही बोला, हालांकि लोकसभा में मौजूदा पीठासीन उपसभापति ने उन्हें याद दिलाया कि जीएसटी पर बोलिए, लेकिन मुलायम सिंह ने यूपी के मुद्दे पर बोलना ही बेहतर समझा












Click it and Unblock the Notifications