एमपी टूरिज्म को मिला ‘कॉन्फ्रेंस मैनेजमेंट में उत्कृष्टता’ का राष्ट्रीय पुरस्कार
मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम को सम्मेलन प्रबंधन में उत्कृष्टता के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचाना गया है, जो मजबूत नेतृत्व, उन्नत बुनियादी ढांचे और कुशल कार्यक्रम निष्पादन को दर्शाता है। यह पुरस्कार प्रमुख शिखर सम्मेलनों और सम्मेलनों में बेहतर स्थानों, कनेक्टिविटी और आतिथ्य मानकों द्वारा संचालित MICE हब के रूप में एमपी की बढ़ती भूमिका को उजागर करता है।
मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम को इवेंट, एग्जीबिशन और माइस सेक्टर में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। मुंबई के सिडको एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘10वें डेसेनियल एग्जीबिशन एक्सीलेंस अवार्ड्स 2026’ में एमपी टूरिज्म को "कॉन्फ्रेंस मैनेजमेंट में उत्कृष्टता" पुरस्कार प्रदान किया गया।

यह सम्मान देश के इवेंट, एग्जीबिशन और माइस (मीटिंग्स, इंसेंटिव्स, कॉन्फ्रेंसिंग एंड एग्जीबिशन) सेक्टर के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में शामिल माना जाता है। मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक दिलीप कुमार यादव ने अपनी टीम के साथ यह पुरस्कार प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए प्रबंध संचालक दिलीप कुमार यादव ने कहा कि यह सम्मान पर्यटन विकास निगम की प्रतिबद्धता, व्यावसायिकता और मजबूत टीम वर्क का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश पर्यटन लगातार अपने इंफ्रास्ट्रक्चर, आतिथ्य सेवाओं और आयोजन क्षमताओं को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर, बेहतर कनेक्टिविटी और उत्कृष्ट मेहमाननवाजी के चलते अब देश-विदेश के बड़े कॉर्पोरेट समूह और संगठन मध्य प्रदेश को प्रमुख आयोजन स्थल के रूप में चुन रहे हैं।
पर्यटन निगम के महाप्रबंधक (इवेंट्स) विवेक जूड ने बताया कि यह राष्ट्रीय पुरस्कार राज्य में 20 से अधिक राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय बड़े सम्मेलनों के सफल आयोजन और प्रबंधन के लिए दिया गया है। उन्होंने कहा कि निगम ने अपनी कुशल टीम के माध्यम से MP Growth Summit 2025, MP Tech Growth Summit 2025, Regional AI Impact Summit 2025, Regional Industry and Employment Summit तथा Madhya Pradesh Mining Conclave जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों का सफल संचालन किया।
यह पुरस्कार न केवल मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम की प्रबंधन क्षमता को दर्शाता है, बल्कि ‘अतुल्य भारत का दिल’ मध्य प्रदेश को बिजनेस टूरिज्म के क्षेत्र में एक उभरते ग्लोबल हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि इस उपलब्धि से राज्य में आर्थिक गतिविधियों, रोजगार और ज्ञान आधारित आयोजनों को नई गति मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications