AIM Congress 2026: दुबई में MP को मिले ₹53 हजार करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव, CM डॉ. मोहन यादव बोले- ‘Welcome to MP
दुबई की यात्रा के दौरान, मध्य प्रदेश ने ₹53,000 करोड़ से अधिक के महत्वपूर्ण निवेश प्रस्ताव सुरक्षित किए और AIM कांग्रेस 2026 में MPIDC को विनर एशिया का पुरस्कार दिलाया। यह राज्य की आकर्षक व्यावसायिक जलवायु, भूमि की उपलब्धता, लॉजिस्टिक्स और निवेशक-अनुकूल नीतियों को दर्शाता है।
मध्यप्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दुबई दौरा तीसरे दिन बड़े निवेश प्रस्तावों के साथ महत्वपूर्ण उपलब्धियां लेकर आया। 8 सितंबर को मुख्यमंत्री ने निवेशकों और उद्योग समूहों के साथ कई वन-टू-वन बैठकें कीं। इन बैठकों में 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों को लेकर रुचि सामने आई।

मुख्यमंत्री ने निवेशकों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि "Welcome to MP"। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल, पर्याप्त भूमि, बेहतर कनेक्टिविटी, मजबूत औद्योगिक आधार और निवेश-अनुकूल नीतियां उपलब्ध हैं।
AIM Congress-2026 के दौरान मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) को AIM Investment Awards 2026 में ‘Winner Asia’ सम्मान से नवाजा गया। यह पुरस्कार निवेश संवर्धन, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आकर्षित करने, रोजगार सृजन, नवाचार और सतत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया गया। यह सम्मान UAE के विदेश व्यापार मंत्री और AIM Congress के अध्यक्ष डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयौदी ने प्रदान किया।
राणा होल्डिंग्स का ₹35,200 करोड़ निवेश का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की राणा होल्डिंग्स लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक डॉ. दर्शन सिंह राणा के साथ हुई बैठक में ग्रीन हाइड्रोजन, सौर ऊर्जा, डेटा सेंटर, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, ई-मोबिलिटी और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण पर चर्चा हुई।
कंपनी ने मध्यप्रदेश में:*2,000 मेगावॉट सौर ऊर्जा पोर्टफोलियो*200 मेगावॉट ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट*50 मेगावॉट AI एवं कंप्यूट डेटा सेंटर, जिसे 200 मेगावॉट तक बढ़ाया जा सकेगा*30,000 MTPA क्रिटिकल मिनरल्स रिकवरी एवं रीसाइक्लिंग कॉम्प्लेक्स*एकीकृत स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग हब स्थापित करने में रुचि दिखाई। प्रस्तावित परियोजनाओं में करीब ₹35,200 करोड़ (4 बिलियन डॉलर) के निवेश की संभावना जताई गई।
AI फैक्ट्री में करीब ₹18 हजार करोड़ का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने NIDI Services DMCC-SCNELL LLC-FZ के निवेशकों के साथ औद्योगिक स्तर के AI Compute Campus और Sovereign AI Factory परियोजना पर चर्चा की।
कंपनी ने 50 मेगावॉट क्षमता वाले AI Factory प्रोजेक्ट के लिए करीब 1.5 से 2 बिलियन डॉलर यानी लगभग ₹18 हजार करोड़ के निवेश का कॉन्सेप्ट प्रस्तुत किया। इसे भविष्य में 100 मेगावॉट से अधिक क्षमता तक विस्तारित किया जा सकता है। वहीं James Education के चेयरमैन सनी वर्की के साथ अंतरराष्ट्रीय मानकों वाले K-12 स्कूल, शिक्षक प्रशिक्षण, एडटेक और भविष्य की शिक्षा के लिए आधुनिक परिसरों की स्थापना पर चर्चा हुई।
इन क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री ने अलग-अलग निवेशकों के साथ क्षेत्रवार संभावनाओं पर चर्चा की। इनमें:*PureHealth: मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल, डिजिटल हेल्थ, टेलीमेडिसिन, मेडिकल एवं नर्सिंग शिक्षा।*Sharaf Group: मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, वेयरहाउसिंग, कोल्ड-चेन, सप्लाई चेन, पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी।*Choithrams: फूड प्रोसेसिंग, रिटेल, कृषि उत्पादों की खरीद और वितरण नेटवर्क।*DP World: पवारखेड़ा लॉजिस्टिक्स कॉम्पोजिट हब, मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स और निर्यात संवर्धन।*KGK Group: डायमंड प्रोसेसिंग, जेम्स एंड ज्वेलरी, डिजाइन, स्किल डेवलपमेंट और निर्यात आधारित इकाइयां।*Vistas Media Capital: फिल्म, AVGC, एनीमेशन, VFX, गेमिंग और डिजिटल कंटेंट हब।*VFS Global: भोपाल और इंदौर में वीजा सेवाओं के विस्तार तथा पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी स्किल डेवलपमेंट।
शारजाह चैंबर के साथ व्यापार और निवेश पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस के साथ बैठक की। दोनों पक्षों ने मध्यप्रदेश और शारजाह के बीच व्यापार, निवेश, तकनीक, SME सहयोग, लॉजिस्टिक्स, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, पर्यटन और रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने शारजाह के निवेशकों को मध्यप्रदेश में निवेश करने और GIS-2027 में भाग लेने का निमंत्रण दिया। इसके बाद चैंबर एवं IBPC प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल चर्चा भी हुई।
BEEAH के साथ वेस्ट-टू-एनर्जी और सर्कुलर इकोनॉमी पर फोकस
मुख्यमंत्री ने शारजाह स्थित BEEAH के मुख्यालय और उसकी सस्टेनेबिलिटी सुविधाओं का अवलोकन किया। BEEAH के CEO एवं वाइस चेयरमैन खालिद अलहुरैमल के साथ बैठक में वेस्ट-टू-एनर्जी, इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, सर्कुलर इकोनॉमी, स्मार्ट सिटी और ग्रीन एनर्जी से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कंपनी को मध्यप्रदेश में शहरी स्वच्छता और ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं में भागीदारी तथा GIS-2027 में शामिल होने का न्योता दिया।
Emaar को इंदौर-पीथमपुर-उज्जैन कॉरिडोर में निवेश का न्योता
मुख्यमंत्री ने Emaar Properties के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक मोहम्मद अलाब्बार से मुलाकात की। इस दौरान इंदौर की Emaar Continental City परियोजना का उल्लेख करते हुए मध्यप्रदेश में Emaar के योगदान की सराहना की गई।
मुख्यमंत्री ने इंदौर-पीथमपुर-उज्जैन डेवलपमेंट कॉरिडोर सहित प्रदेश में इंटीग्रेटेड मिक्स्ड-यूज अर्बन प्रोजेक्ट्स, टाउनशिप, हॉस्पिटैलिटी और विश्वस्तरीय शहरी विकास परियोजनाओं में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने GIS-2027 में Emaar के संस्थापक को विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने का न्योता भी दिया। मुख्यमंत्री ने डाउनटाउन दुबई, बुर्ज खलीफा और दुबई मॉल सहित एकीकृत शहरी विकास मॉडल का अवलोकन कर आधुनिक टाउन प्लानिंग और डेस्टिनेशन डेवलपमेंट की जानकारी ली।
‘Invest in Madhya Pradesh’ सेशन में निवेशकों को दिया संदेश
दुबई में आयोजित ‘Invest in Madhya Pradesh: Interactive Session’ में UAE के उद्योगपतियों, निवेशकों, व्यापारिक संगठनों, IBPC, CII UAE और प्रवासी भारतीय उद्यमियों ने भाग लिया। अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) नीरज मंडलोई ने मध्यप्रदेश की औद्योगिक संभावनाओं पर प्रस्तुति दी। UAE के विशेष दूत बद्र जाफर ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने मीडिया संवाद में कहा कि प्रदेश में निवेश सुगमता, औद्योगिक अवसंरचना, भूमि उपलब्धता, लॉजिस्टिक्स और नीति समर्थन निवेशकों को आकर्षित कर रहे हैं।
‘मध्यप्रदेश भारत का हृदय है, निवेशकों का स्वागत हृदय से करेगा’
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश आज 11 प्रतिशत से अधिक आर्थिक विकास दर के साथ भारत के प्रमुख विकास इंजनों में शामिल है। उनके अनुसार, पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश को ₹34 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें 30 प्रतिशत से अधिक परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं।
उन्होंने कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, मेडिकल डिवाइस, ऑटोमोबाइल, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन एनर्जी, IT, AI, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पर्याप्त लैंड बैंक, सड़क और रेल नेटवर्क, 8 सक्रिय हवाई अड्डों, निवेश-अनुकूल नीतियों और सिंगल विंडो प्रणाली की जानकारी भी निवेशकों को दी।
उन्होंने सभी निवेशकों को जनवरी 2027 में भोपाल में होने वाली Global Investors Summit (GIS-2027) में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण देते हुए कहा, "मध्यप्रदेश भारत का हृदय है और निवेशकों का स्वागत हृदय से करेगा।"


Click it and Unblock the Notifications
