MP News: पीएम मोदी की मितव्ययता की अपील पर अमल, सिंगरौली में सीएम डॉ. मोहन यादव ने पेश की सादगी की मिसाल
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सादगी और जनसंपर्क को बढ़ावा देने के लिए निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ एक सामान्य बस से सिंगरौली की यात्रा की। यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी के मितव्ययिता और सेवा भाव के आह्वान को दर्शाती है।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगरौली दौरे के दौरान सादगी और जनसेवा का अनूठा संदेश दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मितव्ययता की अपील का पालन करते हुए मुख्यमंत्री ने अपना कारकेड त्याग दिया और जनप्रतिनिधियों के साथ टूरिस्ट बस से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। मुख्यमंत्री का यह अंदाज लोगों को काफी पसंद आया और उनकी सादगी चर्चा का विषय बन गई।

23 मई को सिंगरौली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एनसीएल ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रोटोकॉल आधारित काफिले के बजाय जनप्रतिनिधियों के साथ सामान्य बस से यात्रा की। उनके इस कदम को सादगी और जनता से जुड़ाव का प्रतीक माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री के साथ बस में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री एवं सिंगरौली जिले की प्रभारी मंत्री संपतिया उइके, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक रामनिवास शाह, विधायक राजेंद्र मेश्राम, विधायक कुंवर सिंह टेकाम, विधायक विश्वामित्र पाठक, मध्यप्रदेश गृह एवं अधोसंरचना निर्माण मंडल के अध्यक्ष ओम जैन, सिंगरौली विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
जनता से जुड़ाव और सेवा का संदेश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इस सहज और सरल व्यवहार ने नागरिकों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने यह संदेश देने की कोशिश की कि किसी जनप्रतिनिधि की पहचान केवल पद और प्रोटोकॉल से नहीं, बल्कि जनता से जुड़ाव, सादगी और सेवा भावना से होती है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री का यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस सोच को दर्शाता है, जिसमें जनप्रतिनिधियों को सादगी, अनुशासन और जनसेवा के मूल्यों के साथ काम करने की प्रेरणा दी जाती है।












Click it and Unblock the Notifications