MP News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान पर भड़के सीएम यादव, कहा- 'माफी मांगे ममता बनर्जी'
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान कथित प्रोटोकॉल उल्लंघन को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि 'लोकतंत्र के सर्वोच्च पद की गरिमा का सम्मान किया जाना चाहिए और इस मामले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को माफी मांगनी चाहिए।'

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि 'राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जब 7 मार्च को सिलीगुड़ी के पास बिधाननगर में आदिवासी समुदाय की सभा को संबोधित करने पहुंचीं, तब उनके स्वागत के लिए न तो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मौजूद थीं और न ही राज्य सरकार का कोई मंत्री वहां उपस्थित था। उन्होंने इसे प्रोटोकॉल और संवैधानिक मर्यादा की अनदेखी बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति का पद लोकतंत्र का सर्वोच्च संवैधानिक पद है और यह राजनीति से ऊपर है। ऐसे में जब राष्ट्रपति किसी राज्य के आधिकारिक दौरे पर हों, तो वहां की सरकार और मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी होती है कि वे प्रोटोकॉल का पालन करते हुए राष्ट्रपति की गरिमा का पूरा सम्मान करें।'
मोहन यादव ने कहा कि ऐसे हालात बनना, जिससे देश के राष्ट्रपति के पद की गरिमा को ठेस पहुंचे, किसी भी राज्य के मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देता। उन्होंने इस घटना को "घृणित मानसिकता का उदाहरण" बताते हुए कहा कि राष्ट्रपति के दौरे को स्थानीय या दलगत राजनीति से जोड़ना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि ममता बनर्जी इस मामले को गंभीरता से लेंगी और राष्ट्रपति के प्रति हुए इस व्यवहार के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगेंगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटना पश्चिम बंगाल सरकार के लिए बेहद शर्मनाक है।












Click it and Unblock the Notifications