MP News: सीएम डॉ. यादव का बड़ा एक्शन, लापरवाही पर 1 तहसीलदार, 2 पटवारी समेत 7 अधिकारी-कर्मचारी निलंबित

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने नाम ट्रांसफर, प्रधानमंत्री आवास योजना के वितरण और संबल योजना के भुगतान में देरी के लिए अधिकारियों के निलंबन और अनुशासनात्मक कार्रवाई का आदेश दिया है। उन्होंने पात्र नागरिकों को समय पर लाभ और कदाचार के लिए जवाबदेही पर जोर दिया है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत बड़वानी में आयोजित जिला स्तरीय समाधान कार्यक्रम के दौरान आम लोगों की शिकायतों पर सुनवाई करते हुए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने नामांतरण में देरी के मामले में एक तत्कालीन तहसीलदार और दो पटवारियों को निलंबित करने के निर्देश दिए। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त में देरी के मामले में दो मुख्य नगर पालिका अधिकारियों और एक सहायक यंत्री के निलंबन के निर्देश दिए गए।

MP CM Acts on Delays in Name Transfer and Housing

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ तय समय-सीमा में मिलना चाहिए। शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि अच्छा काम करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा, लेकिन लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई भी की जाएगी।

राजपुर तहसील के शिकायतकर्ता अजय-लाल से मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या के बारे में जानकारी ली। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके पिता की वर्ष 2016 में मृत्यु के बाद नामांतरण के लिए आवेदन किया गया था, लेकिन नामांतरण की प्रक्रिया वर्ष 2022 में पूरी हुई।

नामांतरण में करीब छह वर्ष की देरी को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित अवधि में पदस्थ तत्कालीन तहसीलदार आशा परमार, जो वर्तमान में धार जिले में डिप्टी कलेक्टर हैं, को कार्य में लापरवाही और विलंब के लिए निलंबित करने के निर्देश दिए। मामले में दोषी पाए गए पटवारी मांगीलाल नरगांवे और ललित बोरसे को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए गए।

पीएम आवास योजना की किश्त में देरी पर तीन अधिकारी निलंबित

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) से जुड़े मामले में मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ता रुपेश शर्मा से बातचीत की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में योजना के तहत आवेदन किया गया था। वर्ष 2022 में जियो टैगिंग और वर्ष 2023 में किश्त जारी करने की प्रक्रिया पूरी हुई, लेकिन प्राथमिकता सूची में नाम नीचे होने के कारण समय पर किश्त नहीं मिल सकी। मकान बनने के बाद पहली किश्त 10 अगस्त को प्राप्त हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र हितग्राही को मकान निर्माण के लिए आवश्यक राशि समय पर नहीं मिलना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने संबंधित अवधि में पदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारियों मायाराम सोलंकी और जगदीश धाकड़ तथा सहायक यंत्री राजू डावर को निलंबित करने के निर्देश दिए। इसी मामले में संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन, इंदौर एसके सिन्हा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

संबल योजना की सहायता में देरी पर भी कार्रवाई

पानसेमल के शिकायतकर्ता हरि निमवा ठाकुर के संबल योजना से जुड़े मामले की भी मुख्यमंत्री ने समीक्षा की। शिकायतकर्ता ने बताया कि 11 अप्रैल 2019 को सहायता राशि के लिए आवेदन किया गया था, लेकिन उन्हें समय पर सहायता नहीं मिली।

जांच में सामने आया कि प्राथमिकता सूची में नीचे नाम वाले कुछ हितग्राहियों को पहले लाभ दिया गया। ऐसे कुल 16 मामले सामने आने की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अवधि में पदस्थ जनपद पंचायत के तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी सौरभ सिंह ठाकुर को निलंबित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के भुगतान की जांच के निर्देश

सेंधवा विकासखंड से जुड़े महिला एवं बाल विकास विभाग के मामले में मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ता मोहसिन मंसूरी और लाभार्थी मोहम्मद कैफ मंसूरी से जानकारी ली। बताया गया कि मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के तहत आवेदन की प्रक्रिया समय पर पूरी कर ली गई थी, लेकिन बजट उपलब्ध नहीं होने के कारण भुगतान में देरी हुई। बजट मिलने के बाद नौ माह की राशि का एकमुश्त भुगतान किया गया। मुख्यमंत्री ने भुगतान में देरी के कारणों की जांच कराने के निर्देश दिए।

पशु बीमा भुगतान में देरी की भी होगी जांच

पशुपालन एवं डेयरी विभाग से जुड़े पशु बीमा मामले की भी समीक्षा की गई। शिकायतकर्ता भाव सिंह मुवाक्य और लाभार्थी हरी जगन मेहता के मामले में बताया गया कि पशु की मृत्यु के बाद पोस्टमार्टम और आवेदन की प्रक्रिया दो दिन के भीतर पूरी कर ली गई थी, लेकिन बीमा कंपनी में तकनीकी समस्या के कारण भुगतान में देरी हुई। लगातार प्रयासों के बाद बीमा राशि का भुगतान किया गया।

मामले में पूरी प्रक्रिया में दो वर्ष से अधिक समय लगने पर मुख्यमंत्री ने बीमा कंपनी की उदासीनता और भोपाल स्तर पर हुई संभावित त्रुटि की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

शिकायतों के समाधान में देरी स्वीकार्य नहीं: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय-सीमा में उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को अपने अधिकार और योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए।

उन्होंने लंबित मामलों में जवाबदेही तय करते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक शिकायत को संवेदनशीलता और गंभीरता से लिया जाए और उसका समयबद्ध निराकरण किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और नागरिकों के बीच विश्वास को मजबूत करना और लोगों की समस्याओं का मौके पर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन या शिकायतों के निराकरण में लापरवाही और अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+