MP News: 24,500 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों को मंजूरी, अग्निवीरों को वर्दीधारी सेवाओं में 20% आरक्षण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मध्य प्रदेश कैबिनेट ने कई योजनाओं के लिए ₹24,500 करोड़ से अधिक की मंजूरी दी। मुख्य बातों में सशस्त्र बलों में अग्निवीरों के लिए 20% क्षैतिज आरक्षण, छात्रों के लिए वर्दी अनुदान, सिंगरौली में अस्पताल का विस्तार, एक चार-लेन डीएमएच-कटनी सड़क परियोजना, सिंचाई योजनाएं और न्यायिक बुनियादी ढांचे के लिए धन शामिल है।
भोपाल: मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में 29 सितंबर को हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। मंत्रिपरिषद ने विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं के लिए 24,500 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृतियां दीं।

बैठक में युवाओं से जुड़े फैसले के तहत वर्दीधारी सेवाओं की कुछ भर्तियों में अग्निवीरों को 20 प्रतिशत हॉरिजॉन्टल आरक्षण देने की मंजूरी दी गई। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई, न्यायिक अधोसंरचना और ग्रामीण विकास से जुड़े कई प्रस्तावों को भी स्वीकृति मिली।
कैबिनेट के फैसले के अनुसार गृह विभाग के अंतर्गत आरक्षक (सामान्य ड्यूटी) की भर्ती में होमगार्ड को 10 प्रतिशत, भूतपूर्व सैनिकों को 5 प्रतिशत और अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। इसी तरह विशेष सशस्त्र बल में होमगार्ड को 10%, भूतपूर्व सैनिकों को 5% और अग्निवीरों को 20% आरक्षण दिया जाएगा।
जेल प्रहरी के पद पर होमगार्ड को 15%, भूतपूर्व सैनिकों को 5% और अग्निवीरों को 20% आरक्षण मिलेगा। वहीं वन रक्षक के पद पर भी होमगार्ड को 15%, भूतपूर्व सैनिकों को 5% और अग्निवीरों को 20% आरक्षण दिया जाएगा। वाणिज्यिक कर विभाग के अंतर्गत आबकारी आरक्षक के पद पर होमगार्ड को 10%, भूतपूर्व सैनिकों को 5% और अग्निवीरों को 20% हॉरिजॉन्टल आरक्षण देने का निर्णय लिया गया है।
कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए गणवेश राशि
कैबिनेट ने सत्र 2026-27 में शासकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए गणवेश की राशि DBT के माध्यम से विद्यार्थियों और पालकों के खातों में देने के लिए 348 करोड़ 7 लाख रुपये की स्वीकृति दी है।
इसके अलावा अतिथि शिक्षकों के मानदेय से जुड़ी योजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने के लिए 5,329 करोड़ 17 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। राज्य में वर्तमान में 76 हजार से अधिक अतिथि शिक्षक कार्यरत बताए गए हैं।
सिंगरौली में 605 बिस्तरों का जिला अस्पताल
कैबिनेट ने सिंगरौली जिला चिकित्सालय को 450 से बढ़ाकर 605 बिस्तरों वाला अस्पताल बनाने के लिए 372 करोड़ 12 लाख रुपये की संशोधित प्रशासनिक स्वीकृति दी है।
इसमें अतिरिक्त 155 बिस्तरों के साथ आंतरिक और बाहरी विकास कार्य, बायोमेडिकल उपकरण और अस्पताल फर्नीचर समेत अन्य कार्य शामिल हैं। इससे पहले 2024 में 400 बिस्तर के अस्पताल भवन और 50 बिस्तर के क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक के लिए 188 करोड़ 72 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई थी।
दमोह-कटनी फोर-लेन मार्ग के लिए 4,470 करोड़
कैबिनेट ने 105.10 किलोमीटर लंबे दमोह-कटनी मार्ग को पेव्ड शोल्डर के साथ फोर-लेन बनाने के लिए 4,470 करोड़ 30 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है।
परियोजना को Hybrid Annuity Model (HAM) के तहत बनाया जाएगा। निर्माण लागत की 40% राशि यानी 865 करोड़ 15 लाख रुपये निर्माण अवधि में मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा लिए जाने वाले ऋण से दी जाएगी। शेष 60% राशि समेत अन्य खर्चों के लिए 3,605 करोड़ 15 लाख रुपये राज्य बजट से इक्विटी के रूप में दिए जाने को मंजूरी दी गई है।
स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 3,245 करोड़ रुपये
लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की तीन योजनाओं को 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 तक जारी रखने के लिए 3,245 करोड़ 80 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इसमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के भवन निर्माण के लिए 3,113 करोड़ 27 लाख रुपये, ड्रग रेग्युलेटरी सिस्टम के सुदृढ़ीकरण के लिए 20 करोड़ 90 लाख रुपये और औषधि नियंत्रण योजना के लिए 111 करोड़ 63 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा छिंदवाड़ा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज अस्पताल और अन्य भवनों के निर्माण के लिए 953 करोड़ 69 लाख रुपये की संशोधित प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
दतिया, नीमच और सागर की सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी
कैबिनेट ने दतिया की मां रतनगढ़ बहुउद्देशीय सिंचाई परियोजना को 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने के लिए 1,608.02 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। परियोजना के तहत 78,484 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित करने का लक्ष्य है।
नीमच की रामपुरा मनासा सूक्ष्म उद्वहन सिंचाई परियोजना के लिए 524.65 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे 65,400 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित की जा रही है। उज्जैन की कान्ह डायवर्सन क्लोज्ड डक्ट परियोजना के लिए 358.22 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। परियोजना का उद्देश्य कान्ह नदी के प्रदूषित पानी को शिप्रा नदी में मिलने से रोकना है। इसके तहत 30.15 किलोमीटर लंबी भूमिगत सुरंग और ढकी नहर के माध्यम से पानी को मोड़ने की योजना है।
सागर जिले की बंडा वृहद सिंचाई परियोजना के लिए भी 1,052 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके माध्यम से 80,000 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित करने का लक्ष्य है।
छात्रावासों और आश्रमों में 1 रुपये प्रति किलो खाद्यान्न
कैबिनेट ने विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू कल्याण विभाग के छात्रावासों, आश्रमों और सामुदायिक कल्याण केंद्रों में रहने वाले लोगों को 1 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मंजूरी दी है।
इसके अलावा मऊगंज, छिंदवाड़ा, मैहर और टीकमगढ़ जिलों में नवीन जिला हाथकरघा कार्यालयों के लिए कुल 12 नए पदों के सृजन के साथ 2 करोड़ 41 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई। ग्रामीण विकास से जुड़ी योजना के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक 3,580.22 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दी गई है।
न्यायिक अधोसंरचना के लिए 1,342 करोड़ रुपये
विधि एवं विधायी कार्य विभाग की 14 प्रमुख योजनाओं को 16वें वित्त आयोग की अवधि यानी 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 तक जारी रखने के लिए 1,342 करोड़ 48 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
इसमें उच्च न्यायालय भवन एवं आवासीय परिसर के लिए 372 करोड़ रुपये, महाधिवक्ता कार्यालय के लिए 357 करोड़ 77 लाख रुपये और राज्य न्यायिक अकादमी भवन के लिए 200 करोड़ रुपये शामिल हैं। अधिवक्ता कल्याण, ADR सेंटर, लोक अदालत और विभागीय IT एवं पुस्तकालयों के सुदृढ़ीकरण के लिए भी राशि स्वीकृत की गई है।
वनोपज और खनिज परिवहन के लिए नई शुल्क दरें
कैबिनेट ने राज्य में उत्पादित और अन्य राज्यों से आयातित वनोपज के परिवहन के लिए अभिवहन शुल्क और NOC शुल्क की नई दरों को मंजूरी दी है।
सामान्य वनोपज के परिवहन के लिए एक घनमीटर तक 200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके बाद प्रत्येक अतिरिक्त घनमीटर के लिए 100 रुपये अतिरिक्त शुल्क देय होगा। वहीं खनिज वनोपज के परिवहन के लिए विभिन्न श्रेणियों के आधार पर 52 रुपये से 81 रुपये प्रति टन तक शुल्क निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा केंद्र प्रवर्तित योजना ‘न्यायालय भवनों का निर्माण’ के लंबित दायित्वों के लिए 691 करोड़ 1 लाख रुपये की राशि राज्य योजना से उपलब्ध कराने की अनुमति भी दी गई है।


Click it and Unblock the Notifications
