तय वक्त से पहले पहुंच रहा मानसून, तीन दिन बाद शुरू हो जाएगा झमाझम बारिश का सिलसिला
नई दिल्ली: भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने एक राहत भरी खबर दी है। जिसके तहत अब मानसून तय वक्त से पहले ही भारत में दस्तक देगा। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक मानसून एक जून को केरल पहुंच जाएगा। इसके बाद देशभर में बारिश का सिलसिला शुरू होगा और भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने इस साल मानसून के सामान्य रहने की संभावना जताई है। जिससे फसलों की अच्छी पैदावार होगी और अर्थव्यवस्था को भी फायदा पहुंचेगा।
Recommended Video
पहले 6 जून का था अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक अरब सागर में दो लो प्रेशर एरिया बन रहे हैं, जिसमें एक दक्षिण-पूर्व और पूर्व-मध्य भाग में है, जबकि दूसरा पश्चिम-मध्य और दक्षिण-पश्चिम भाग में है। इसकी वजह से एक जून से मानसून की स्थिति अनुकूल हो जाएगी और केरल में मानसून दस्तक देगा। इससे पहले मौसम विभाग ने 6 जून को मानसून के आने का अनुमान लगाया था, लेकिन अब चक्रवाती तूफान की वजह से मानसून तय वक्त से पहले ही पहुंच रहा है।
चार लोगों को भेजना था भोपाल से दिल्ली, शराब कारोबारी ने 25 लाख में बुक किया 180 सीटर विमान
केरल में Yellow अलर्ट
अरब सागर में बन रहे लो प्रेशर की वजह से केरल के कई हिस्सों में अगले चार दिन भारी बारिश हो सकती है। जिस वजह से Yellow अलर्ट जारी किया गया है। केरल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने समुद्र में गुरुवार रात से सभी गतिविधियों पर रोक लगा दी है। साथ ही जो मछुआरे समुद्र में हैं, उन्हें भी वापस आने को कहा गया है। मौसम विभाग ने मछुवारों को 31 मई से 4 जून तक समुद्र में नहीं जाने की हिदायत दी है। केरल के अलावा 30-31 मई को कर्नाटक और तेलंगाना में भी बारिश की संभावना है।
मानसून अर्थव्यवस्था के लिए बहुत जरूरी
भारत की अर्थव्यवस्था का एक बड़ा हिस्सा कृषि क्षेत्र पर निर्भर है। इसके साथ ही देश में कई इलाके ऐसे हैं, जहां सिंचाई की ठोस व्यवस्था नहीं है। इन क्षेत्रों में धान, मक्का, कपास, गन्ना और सोयाबीन जैसी फसलें बारिश पर ही निर्भर रहती हैं। मानसून आने के बाद जून से लेकर सितंबर तक बारिश का सिलसिला जारी रहता है। जिस वजह से किसानों के खेतों में आसानी से पानी पहुंच जाता है। अगर मानसून इस साल सही रहा, तो फसलों का उत्पादन भी अच्छा होगा।
15 साल से सटीक साबित हो रहा अनुमान
केरल में मानसून आने के साथ ही देश में चार महीने के बरसात के मौसम की आधिकारिक शुरुआत हो जाती है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 15 सालों में सिर्फ 2015 को छोड़कर, उनका अनुमान सटीक साबित हुआ है। पिछले साल 8 जून को मानसून केरल पहुंचा था, जबकि मौसम विभाग ने 6 जून का अनुमान जारी किया था। 2018 में 29 मई का अनुमान जारी किया था और मानसून 29 मई को ही पहुंचा। इसी तरह 2017 में 30 मई का अनुमान था, उस दौरान भी मानसून 30 मई को ही पहुंचा था।