मौसम विभाग ने बताया, दिल्ली-NCR में कब होगी मॉनसून की झमाझम बारिश
नई दिल्ली। झमाझम बारिश का इंतजार कर रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए खुशखबरी है। मौसम विभाग के मुताबिक बहुत जल्द लोगों को उमसभरी और चिपचिपी गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग में वैज्ञानिक साथी देवी ने जानकारी दी कि अगले 72 घंटों में मॉनसून दिल्ली-एनसीआर में दस्तक दे सकता है। उन्होंने बताया कि फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ की वजह से दिल्ली-एनसीआर में बारिश हो रही है लेकिन मॉनसून अगले तीन दिनों में ही यहां पहुंचने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि दिल्ली एनसीआर में पिछले 2 दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। शुक्रवार को भी सुबह से हुई बारिश के चलते दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। इससे जहां ऑफिस आने-जाने वाले लोगों को दिक्कत हुई, वहीं सड़कों पर जाम भी लग गया। नोएडा के सेक्टर 16 में बारिश के चलते जाम की लंबी स्थिति रही। यही हाल दिल्ली में भी कई सड़कों का रहा। हालांकि दो दिन से हो रही बारिश से तापमान में जरूर गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।
इससे पहले मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 29 व 30 जून को मॉनसून के पहुंचने की संभावना जताई थी। मॉनसून की रफ्तार धीमी हो जाने के चलते मध्य भारत में इसके पहुंचने में देर लगी। इसके चलते लोगों को मॉनसून का इंतजार कुछ दिन और करना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications