देश ने अच्छी रफ्तार हासिल कर ली है, जल्द ही सबकुछ अच्छा होगा: मोहन भागवत
चार राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजे सामने आने के बाद राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत का बड़ा बयान सामने आया है। मोहन भागवत ने कहा कि भारत ने अच्छी रफ्तार हासिल कर ली है और जल्द ही सबकुछ अच्छा होगा क्योंकि भारत के पास जबरदस्त ज्ञान का भंडार है, शोध की क्षमता है।
मोहन भागवत ने यह बयान सेंट्रल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में मेडिकल रिसर्चर्स, डॉक्टर और वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए यह बयान दिया है। बता दें कि CIIIMS चैरिटेबल ट्रस्ट है जोकि नागपुर में स्थित है। इसके अत्याधुनिक सेंटर के उद्घाटन के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए मोहन भागवत पहुंचे थे।

मोहन भागवत ने कहा कि भारत पर विदेशी आक्रमण से पहले देश विज्ञान और अन्य क्षेत्रों में काफी आगे था। इसके बाद गुलामी और अन्य वजहों से देश कुछ पिछड़ गया था, लेकिन अब देश ने अच्छी रफ्तार पकड़ ली है और जल्द ही सबकुछ अच्छा होगा।
मोहन भागवत ने कहा कि देश ने आज बहुत अच्छी गति हासिल कर ली है, दुनिया कई क्षेत्रों में भारत से सीख रही है। जिस गति से भारत आगे बढ़ रहा है उस गति से दूसरे देशों के लिए आगे बढ़ पाना मुश्किल हो रहा है। हमे विश्वास है कि जल्द ही सभी पहलुओं पर भारत आगे बढ़ेगा, सही रास्ते पर आ जाएगा। हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
भागवत ने कहा कि एक दिन भारत में ऐसा भी आएगा जब लोगों को किसी भी तरह की कोई शिकायत नहीं होगी। हालांकि ऐसा होने में थोड़ा समय लगेगा। बहुत कम समय में बहुत अधिक समस्याएं कम हो जाएंगी।
समस्याओं को कम होने में थोड़ा समय लगता है। इसके साथ ही भागवत ने भरोसा दिलाया कि आप लोगों ने जो समस्याएं यहां उठाई हैं उसे सही व्यक्तियों तक पहुंचाएंगे। हम और सरकार चाहती है कि देश विकास और प्रगति की राह पर आगे बढ़े।












Click it and Unblock the Notifications