‘भारत से मुसलमानों को निकालना हिंदुत्व नहीं’, मोहन भागवत ने न्यूयॉर्क में कही बड़ी बात, भाषण की 5 बड़ी बातें

Mohan Bhagwat New York Speech: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी RSS के सरसंघचालक मोहन भागवत ने अमेरिका के न्यूयॉर्क में 'एक दुनिया, एक मानवता' कार्यक्रम को संबोधित किया। यहां उन्होंने धर्म, मानवता, विविधता, हिंदुत्व और भारत की परंपरा को लेकर अपनी बात रखी। उनके भाषण का एक अहम हिस्सा मुस्लिम समुदाय को लेकर था। मोहन भागवत ने साफ कहा कि किसी मुस्लिम को भारत से बाहर निकालने की सोच हिंदू विचार नहीं हो सकती। उन्होंने 2018 के एक कार्यक्रम का जिक्र करते हुए बताया कि जब मुस्लिम समुदाय के लोगों ने उनसे पूछा था कि अगर भारत को हिंदू राष्ट्र कहा जाता है तो उनका क्या होगा, तब उन्होंने क्या जवाब दिया था।

लेकिन भागवत का पूरा भाषण सिर्फ हिंदुत्व और मुस्लिम समुदाय तक सीमित नहीं था। उन्होंने धर्मों की विविधता, अंतिम सत्य, मानवता की एकता, RSS के सामाजिक काम, सेवा, संवाद और राजनीति से पहले समाज में बदलाव की जरूरत पर भी विस्तार से बात की। आइए जानें मोहन भागवत के भाषण की बड़ी बातें।

Mohan Bhagwat New York Speech

1. मुसलमानों को बाहर निकालना हिंदू विचार नहीं', भागवत ने 2018 की बात फिर क्यों दोहराई?

मोहन भागवत ने न्यूयॉर्क में अपने पुराने बयान का संदर्भ देते हुए कहा कि 2018 में दिल्ली के एक कार्यक्रम में मुस्लिम समुदाय के लोग उनसे मिलने आए थे। वहां उनसे सीधा सवाल किया गया था कि RSS हिंदू राष्ट्र की बात करता है, ऐसे में भारत में रहने वाले मुसलमानों का क्या होगा। उन्होंने "अगर कोई हिंदू यह सोचता है कि मुस्लिम इस देश में नहीं रहने चाहिए, तो वह हिंदू विचार को समझ ही नहीं रहा। हिंदू होने का मतलब किसी दूसरे को बाहर करना नहीं है।"

उन्होंने कहा कि हिंदू परंपरा का मूल विचार यह है कि दुनिया में सत्य एक है, लेकिन उस तक पहुंचने के रास्ते अलग-अलग हो सकते हैं। हर इंसान की अपनी गरिमा है। इसलिए लोगों की पहचान और उनके रास्ते अलग होने के बावजूद उन्हें बराबर सम्मान मिलना चाहिए।

भागवत ने कहा कि 2018 के बाद उनके भाषण पर अलग-अलग लोगों की प्रतिक्रियाएं आईं। इसके बाद मुस्लिम और ईसाई समुदाय के लोगों के साथ संवाद का सिलसिला बढ़ा। उन्होंने कहा कि RSS लंबे समय से सेवा के काम करता रहा है।

सेवा करते वक्त यह नहीं देखा जाता कि सामने वाला किस धर्म या समुदाय से है। जरूरतमंद व्यक्ति की मदद करना ही प्राथमिकता होती है। भागवत ने बताया कि समाज की मदद से RSS के करीब 1 लाख 30 हजार छोटे-बड़े सेवा प्रकल्प चल रहे हैं। उनका दावा है कि इन प्रकल्पों में बिना पहचान का भेद किए लोगों की मदद की जाती है।

2. धर्म अलग हो सकते हैं, लेकिन मंजिल एक? भागवत ने समझाया 'अंतिम सत्य' का मतलब

भागवत ने धर्मों के बीच अंतर को समझाने के लिए एक आसान उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि अलग-अलग धर्मों में पूजा के तरीके, रीति-रिवाज और धार्मिक अनुशासन अलग हो सकते हैं। लेकिन सवाल यह है कि ये रास्ते आखिर ले कहां जाते हैं। मोहन भागवत ने कहा, "धर्मों के रास्ते अलग दिख सकते हैं, उनके नियम और परंपराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन उनका लक्ष्य उसी अंतिम सत्य और दिव्यता तक पहुंचना है।"

उन्होंने इसे पानी और समुद्र के उदाहरण से समझाया। धरती पर गिरने वाला पानी अलग-अलग रास्तों से बहता है। कोई रास्ता सीधा होता है। कोई घुमावदार। कोई लंबा होता है और कोई छोटा। कुछ रास्ते पक्के होते हैं तो कुछ जंगल से होकर गुजरते हैं। लेकिन आखिर में पानी समुद्र तक पहुंचता है। भागवत के मुताबिक धर्मों को भी इसी नजर से देखने की जरूरत है। रास्ते अलग होना स्वाभाविक है। मंजिल को लेकर संघर्ष खड़ा करना जरूरी नहीं।

3. उंगली देखते रह गए तो रोशनी कैसे दिखेगी? भागवत का ये उदाहरण क्यों खास है?

मोहन भागवत ने एक और दिलचस्प उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति रोशनी की तरफ इशारा करके बताए कि वहां प्रकाश है, तो सामने वाला पहले उस व्यक्ति की उंगली देख सकता है। लेकिन अगर वह उंगली को ही देखता रह जाए तो रोशनी तक उसकी नजर पहुंचेगी ही नहीं। मोहन भागवत ने कहा, "धर्म के रीति-रिवाज रास्ता दिखाने वाले संकेत हैं। अगर हम संकेत को ही अंतिम मंजिल मान लेंगे, तो उस सत्य तक पहुंचने का मकसद पीछे छूट जाएगा।"

उन्होंने कहा कि इंसान का असली उद्देश्य अंतिम सत्य को समझना और उस दिव्यता तक पहुंचना है, जिसे अलग-अलग लोग अलग-अलग नामों से पुकारते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विज्ञान आज उस अंतिम स्तर को 'कॉन्शियसनेस' यानी चेतना जैसे शब्दों में समझने की कोशिश कर रहा है।

4. कुत्ता सिर्फ ब्लैक एंड व्हाइट देखता है, इंसान ज्यादा रंग क्यों? भागवत ने ऐसे समझाया सत्य

मोहन भागवत ने अपने भाषण में खुद के वेटरिनरी डॉक्टर होने का जिक्र भी किया। उन्होंने इंसानी अनुभव और दूसरे जीवों की दुनिया को समझाने के लिए कुत्ते का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि इंसान कई रंग देख सकता है, जबकि कुत्ते की रंगों को देखने की क्षमता इंसान से अलग होती है। ऐसे में इंसान कुत्ते को दुनिया समझाने की कितनी भी कोशिश करे, कुत्ता उसे इंसानी नजर से नहीं देख सकता।

भागवत का तर्क था कि हम भी अपनी इंद्रियों, अनुभव और सीमाओं के भीतर दुनिया को देखते हैं। इसलिए जो चीज हमें एक तरह से दिखाई देती है, दूसरे व्यक्ति को वही चीज अलग तरह से दिखाई दे सकती है। यहीं से वह धर्म और सत्य की बात पर लौटते हैं। उनके मुताबिक अनुभव अलग हो सकते हैं, लेकिन जिस वास्तविकता की तलाश हो रही है, वह एक ही हो सकती है।

5. भारत ने किस-किसको शरण दी? भागवत बोले- विविधता भारत की पुरानी पहचान

मोहन भागवत ने भारत की परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि देश ने अलग-अलग संप्रदायों और समुदायों के लोगों को जगह दी है। जिन लोगों को दुनिया के दूसरे हिस्सों में सुरक्षित जगह नहीं मिली, उन्होंने भारत में शरण ली। उन्होंने माना कि इतनी विविधता के साथ कुछ तनाव और अस्थिरता भी पैदा हुई है। लेकिन उनके मुताबिक इसका रास्ता विविधता को खत्म करना नहीं है।

उन्होंने कहा कि विविधता प्रकृति का नियम है और एकता उसके पीछे मौजूद सत्य है। भागवत के मुताबिक अपनी पहचान की रक्षा करना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी दूसरे की पहचान और विशिष्टता का सम्मान करना भी है।

RSS के 100 साल और बदलती स्वीकार्यता, भागवत ने बताई अपनी कहानी

मोहन भागवत ने RSS की यात्रा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने 1925 में अपनी यात्रा शुरू की थी। पिछले 100 साल में RSS ने समाज में अपनी जगह और पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि आज RSS की बात समाज में सुनी जाती है, लेकिन हमेशा ऐसा नहीं था। उन्होंने कहा, "आज हम अपनी बात कह पा रहे हैं, लेकिन एक दौर ऐसा भी था जब समाज हमें स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं था। अगर उस समय हम यहां आते तो शायद हमें बाहर ही रोक दिया जाता।" भागवत ने कहा कि लंबे समय से RSS के साथ जुड़ी धारणाओं और विरोध के बावजूद संगठन का मानना है कि समाज को साथ लेकर आगे बढ़ा जा सकता है।

मुस्लिम यात्रियों के लिए भी पहुंचे RSS स्वयंसेवक, भागवत ने विमान हादसे का दिया उदाहरण

सेवा को समझाने के लिए मोहन भागवत ने हरियाणा के ऊपर हुए एक विमान हादसे का उदाहरण दिया। उनके मुताबिक दोनों विमान अरब देशों के थे और ज्यादातर यात्री मुस्लिम थे। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद RSS स्वयंसेवक मदद के लिए सबसे पहले पहुंचने वालों में शामिल थे। घायलों की मदद की गई। गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज कराया गया। जिनकी मौत हो चुकी थी, उनके शव निकालने और अंतिम संस्कार की व्यवस्था में भी सहयोग किया गया। मृतकों की पहचान कराने में भी मदद की गई।

भागवत ने कहा कि उस वक्त स्वयंसेवकों ने यह नहीं देखा कि मरने वाला या घायल व्यक्ति मुस्लिम है। उन्होंने कहा, "सेवा करते समय हमने यह नहीं पूछा कि सामने वाला किस धर्म का है। हम इसलिए मदद करते हैं क्योंकि जरूरत सामने है। बदले में हमें कुछ चाहिए भी नहीं।"

उन्होंने इसी वजह से कहा कि RSS अपने काम का प्रचार करने में पीछे रहा है। उनके मुताबिक संगठन को लेकर बनी कई धारणाएं तब बदलती हैं जब लोग उसके काम को करीब से देखते हैं।

राजनीति बदलनी है तो पहले समाज बदलना होगा, भागवत का बड़ा संदेश

मोहन भागवत ने राजनीति को लेकर भी अपना नजरिया रखा। उन्होंने कहा कि युद्ध रोकने, नीतियों को प्रभावित करने और समाज से जुड़े बड़े फैसलों पर असर डालने के लिए राजनीति में भूमिका जरूरी है। मोहन भागवत ने कहा, "बदलाव की शुरुआत राजनीति से नहीं हो सकती। पहले समाज में माहौल बदलना होगा। जब समाज की सोच बदलेगी, तभी राजनीति पर उसका असर पड़ेगा।"

भागवत ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दल काफी हद तक जनमत के हिसाब से चलते हैं। अगर जनता किसी मुद्दे पर मजबूती से एक राय बना लेती है तो नेताओं के लिए उसे नजरअंदाज करना मुश्किल होता है। इसलिए उनका जोर पहले समाज निर्माण और फिर राजनीतिक प्रभाव पर रहा।

'एक दुनिया, एक मानवता' कार्यक्रम के 23 सत्रों का जिक्र करते हुए भागवत ने आयोजकों और प्रतिभागियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इन चर्चाओं से उन्हें भी सीखने को मिला। उनके मुताबिक अलग-अलग लोगों की बातों में एक साझा दिशा दिखाई दी। उन्होंने यह भी कहा कि "हमारी सोच और आपकी सोच अलग-अलग जगहों से आकर भी एक ही दिशा में पहुंच रही है। अब जरूरत सिर्फ एक-दूसरे से जुड़ने और स्थानीय स्तर पर काम शुरू करने की है।"

ज्ञान सबको है, लेकिन आदत बदलना सबसे मुश्किल क्यों? भागवत ने अपनी डायबिटीज का दिया उदाहरण

भागवत ने कहा कि दुनिया के लगभग हर समाज की अपनी परंपरा में मानवता की एकता और प्रेम की बात मौजूद है। समस्या यह नहीं है कि लोगों को सही बात पता नहीं है। असली चुनौती यह है कि वह ज्ञान उनके व्यवहार में दिखाई दे। इसे समझाने के लिए उन्होंने अपनी जिंदगी का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि वह खुद डायबिटिक हैं। उन्हें पता है कि ज्यादा चीनी उनके लिए ठीक नहीं है। वेटरिनरी डॉक्टर होने के कारण डायबिटीज के बारे में भी उन्हें जानकारी है। फिर भी मिठाई सामने आने पर मन कहता है कि कभी-कभार खाने में क्या नुकसान है।

भागवत ने कहा, "हमें पता होता है कि सही क्या है, फिर भी हम कई बार अपनी पसंद के आगे उस ज्ञान को पीछे कर देते हैं। इसलिए केवल ज्ञान देना काफी नहीं है। सही आदत और अभ्यास बनाना भी जरूरी है।"

धर्म के व्यवहारिक पक्ष को समझाते हुए भागवत ने रामकृष्ण परमहंस का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि रामकृष्ण परमहंस ने अलग-अलग धार्मिक रास्तों का अभ्यास किया। इनमें भारतीय परंपराओं के साथ इस्लाम और ईसाई धर्म का अभ्यास भी शामिल था। भागवत के मुताबिक यह केवल धार्मिक सिद्धांत की बात नहीं थी। रामकृष्ण परमहंस ने अलग-अलग रास्तों को अनुभव के स्तर पर समझने की कोशिश की। उन्होंने इसी संदर्भ में कहा कि अलग-अलग मत अलग रास्ते हो सकते हैं, लेकिन मंजिल एक हो सकती है।

अब अगला कदम क्या? भागवत ने बताया संवाद से लेकर ब्लॉक स्तर तक का प्लान

मोहन भागवत का जोर सिर्फ बड़े मंचों पर चर्चा करने के बजाय इस विचार को जमीन तक ले जाने पर रहा। उनके मुताबिक संवाद दिल्ली या न्यूयॉर्क जैसे बड़े मंचों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसे अलग-अलग देशों, राज्यों, जिलों और ब्लॉक स्तर तक ले जाना होगा।

उन्होंने स्थानीय स्तर पर ऐसे छोटे-छोटे समुदाय और क्षेत्र विकसित करने की बात कही, जहां निस्वार्थ सेवा, संवाद और एकता का माहौल बने। उनका मानना है कि लोग जब किसी सेवा प्रकल्प से जुड़कर खुद फायदा महसूस करते हैं तो उनमें आगे दूसरों की मदद करने की इच्छा अपने आप पैदा हो सकती है। यही बदलाव धीरे-धीरे समाज में बड़ा असर पैदा कर सकता है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+