पीएम मोदी ने पीओके के बाद अब कालेधन के खिलाफ 'सर्जिकल स्ट्राइक' के दिए संकेत!
पीएम बनने के बाद वडोदरा की पहली रैली में भ्रष्टाचार के खिलाफ गरजे नरेंद्र मोदी। जानिए कालेधन के खिलाफ कैसे करेंगे सर्जिकल स्ट्राइक।
वडोदरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करप्शन के खिलाफ बड़ी जंग लड़ने के संकेत दिए हैं। उन्होंने एक समारोह को संबोधित करते हुए भ्रष्टाचार और काले धन के खिलाफ 'सर्जिकल स्ट्राइक' करने की बात कही।

पीएम मोदी ने साफ किया कि आईडीएस यानी इनकम टैक्स डिक्लेरेशन स्कीम के तहत 65 हजार करोड़ रुपए का काला धन बिना 'सर्जिकल स्ट्राइक' के आ चुका है। उन्होंने कहा कि अगर काले धन के खिलाफ 'सर्जिकल स्ट्राइक' की जाए, तो फिर और भी ज्यादा काला धन सामने आएगा।
भारत सरकार ने आईडीएस के तहत 30 सितंबर तक काला धन उजागर करने की मोहलत दी थी। पीएम मोदी ने कहा कि हमने काला धन छिपाने वालों को उसे सार्वजनिक करने का वक्त दिया और आपको खुशी होगी कि टैक्स और जुर्माने की शक्ल में कुल 65,000 करोड़ रुपए की धनराशि सामने आ चुकी है।
पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार के अस्तित्व में आने के बाद से देश में करप्शन की खबरें बंद हो गई हैं। पूरे विश्व में भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था की तारीफ हो रही है।
आधार कार्ड और जनधन योजना के जरिए पैसा लोगों तक सीधे पहुंच रहा है। दलालों का रोल पूरी तरह खत्म किया जा चुका है। सरकार ने इन सबके जरिए भी 36 हजार करोड़ रुपए बचाए हैं।
नरेंद्र मोदी के मुताबिक, भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग में अबतक एक लाख करोड़ बचाए जा चुके हैं। ये सभी पैसे गरीबों के कल्याण और विकास के लिए खर्च हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम बनने के बाद वडोदरा में पहली बार दौरा किया। वाराणसी के अलावा मोदी ने यहां से भी लोकसभा चुनाव जीता था। हालांकि, बाद में उन्होंने यह सीट छोड़ दी थी।












Click it and Unblock the Notifications