लोकप्रियता की रेस में राहुल और केजरीवाल से आगे निकलें मोदी
वेबदुनिया द्वारा कराए गए ताजा सर्वे के मुताबिक नरेन्द्र मोदी लोकप्रियता की दौड़ में सबसे आगे रहे। सर्वेक्षण 2013 के नाम से कराए गए इस सर्वे में लोगों से सवाल पूछा गया कि वो किस राजनेता को देश के सबसे लोकप्रिय राजनेता के तौर पर देखते है? इस सर्वे में लोगों से कुल 11 प्रश्न पूछे गए थे और प्रत्येक प्रश्न के साथ 10 विकल्प भी दिए गए थे। लोकप्रिय राजनेता के सवाल पर सर्वाधिक 75.44 फीसदी लोगों ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी को पसंद किया, जबकि दिल्ली के मुख्यमंत्री और 'आप' नेता अरविन्द केजरीवाल को सिर्फ 18.32 प्रतिशत लोगों ने पसंद किया।
वहीं कांग्रेस के 'स्वाभाविक' उम्मीदवार राहुल गांधी इस दौड़ में काफी पिछड़ गए है। उन्हें महज 2 फीसदी लोगों ने पसंद किया। इस रेस में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चौथे और सोनिया गांधी पांचवें स्थान पर रहीं।
वहीं साल 2013 में भारत की चर्चित हस्ती का खिताब भी मोदी के नाम रहा। इस श्रेणी में के मोदी को सर्वाधिक 52 फीसदी वोट मिले, जबकि केजरीवाल यहां भी दूसरे क्रम पर रहे। उन्हें 21.35 फीसदी लोगों ने पसंद किया। वहीं राहुल गांधी यहां भी कतार के अंत में नौवें स्थान में रहे।