मिशन 2021: दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंचे अमित शाह, मदन घोराई के परिवार से की मुलाकात
कोलकाता। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बुधवार देर रात अपने दो दिवसीय दौरे के लिए पंश्चिम बंगाल पहुंचे हैं। अगले साल राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गृहमंत्री का ये दौरा काफी अहम माना जा रहा है। इन दो दिनों में अमित शाह भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) कार्यकर्ताओं को चुनावी मंत्र देंगे। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने अमित शाह का स्वागत किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और अमित शाह जिंदाबाद के नारे भी लगाए।
Recommended Video

बता दें कि गृहमंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल पहुंचने से पहले ट्वीट कर कहा था, 'मैं दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल आ रहा हूं, अपने दौरे पर राज्य के लोगों, मीडिया के मित्रों, बीजेपी की पश्चिम बंगाल इकाई और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों से मिलने को लेकर आशान्वित हूं।' बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने अपने एक बयान में बताया कि पश्चिम बंगाल पहुंचने पर अमित शाह जनजातीय और शरणार्थी परिवारों के साथ दोपहर का भोजन करेंगे। दौरे की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि अमित शाह अपनी यात्रा के दौरान बांकुड़ा और कोलकाता में बूथ स्तरीय बीजेपी कार्यकर्ताओं से लेकर प्रभावी और सामाजिक नेताओं के साथ बैठकें करेंगे।
मदन घोराई के परिवार से की मुलाकात
कोलकाता पहुंचने के बाद अमित शाह बुधवार रात ही दिवंगत बीजेपी नेता मदन घोराई के परिजनों से मिले। बता दें कि मदन घोराई पूर्व मिदनापुर के पटासपुर के बीजेपी बूथ उपाध्यक्ष थे, उनकी कथित तौर पर पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी। अमित शाह ने मदन घोराई के परिजनों से मुलाकात की जानकारी अपने ट्वीट में दी है, उन्होंने कुछ तस्वीरें भी साझा की हैं। गृहमंत्री ने लिखा, 'कोलकाता में हमारे शहीद बूथ उपाध्यक्ष मदन घोराई के परिवार के साथ मुलाकात की। मैं उनके बहादुर परिवार को नमन करता हूं। बीजेपी हमेशा अपने कार्यकर्ताओं की ऋणी रहेगी जिन्होंने पश्चिम बंगाल में अत्याचार और अन्याय के खिलाफ लड़ते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।'
यह भी पढ़ें: बंजारा समुदाय के धार्मिक गुरु रामराव महाराज का निधन, पीएम मोदी और अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि












Click it and Unblock the Notifications