वायुसेना के लापता विमान में भरी थी 27 साल के मोहित ने उड़ान, एक साल पहले हुई शादी
नई दिल्ली। असम से उड़ान भरने के बाद लापता हुए भारतीय वायुसेना के एएन-32 विमान का 24 घंटे से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। विमान में सवार क्रू मेंबर और अफसरों की सुरक्षा को लेकर उनके परिवारों में भी परेशानी बढ़ती जा रही है। पंजाब के 27 साल के मोहित गर्ग भी इस विमान में सवार 13 लोगों में शामिल हैं।

मोहित गर्ग के परिवार को सोमवार को वायुसेना की ओर से मामले की जानकारी दी गई, इसके तुरंत बाद ही उनके पिता और चाचा असम के लिए निकल गए। मोहित के भाई अश्विनी का कहना है कि परिवार उसकी सलामती की दुआएं कर रहा है। उन्होंने बताया कि एक साल पहले ही मोहित की शादी हुई थी।
भारतीय वायुसेना का एएन-32 विमान का असम के जोरहट से उड़ान भरने के बाद लापता हो गया था। सोमवार दोपहर एक बजे विमान से आखिरी संपर्क हुआ था, इसके बाद विमान की कोई जानकारी हासिल नहीं हो सकी है। वायुसेना की ओर से बताया गया है कि कुछ रिपोर्ट्स में क्रैश साइट को लेकर आशंका जताई गई थी, लेकिन अब तक किसी तरह का मलबा नहीं मिला है और ना ही कोई दूसरी जानकारी मिली है। विमान को ढूंढने के लिए लगातार ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वायुसेना खोजी अभियान में आर्मी की ग्राउंड फोर्स की भी मदद ले रही है।
लापता हुआ विमान में 8 क्रू मेंबर समेत 13 लोग सवार थे। असम से उड़ान भरने के बाद अरुणाचल प्रदेश के मेचुका एयर फील्ड के ऊपर से विमान से संपर्क टूट गया, जिसके बाद विमान लापता है। भारतीय वायुसेना ने फिलहाल विमान की खोज के लिए एक सुखोई-30, सी-130 स्पेशल ऑप्स एयरक्राफ्ट, एएन-32, दो एमआई-17 हेलिकॉप्टर और सेना के दो एएलएच हेलिकॉप्टर लगाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications