विराट कोहली की फैन लिस्ट में जुड़ा Miss World मानुषी छिल्लर का नाम, जब मिलीं तो फेवरेट क्रिकेटर से पूछ डाला ये सवाल
मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर क्रिकेटर विराट कोहली की काफी बड़ी फैन हैं। हाल ही में जब उन्हें अपने फेवरेट क्रिकेटर से मिलने का मौका मिला तो उन्होंने भी चौका मारते हुए कोहली से एक सवाल पूछ लिया।
Recommended Video
नई दिल्ली। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली की जैसे-जैसे उपलब्धियां बढ़ रही हैं, उसी रफ्तार से उनकी फैन फॉलोइंग भी बढ़ती जा रही है। अब इस फेहरिस्त में एक नाम और जुड़ गया है। ये नाम और कोई नहीं बल्कि पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन कर के हाल ही में भारत लौटीं मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर हैं। मानुषी विराट की काफी बड़ी फैन हैं। हाल ही में जब उन्हें अपने फेवरेट क्रिकेटर से मिलने का मौका मिला तो उन्होंने भी चौका मारते हुए कोहली से एक सवाल पूछ लिया।
मानुषी ने विराट से पूछा सवाल
मानुषी छिल्लर जब से आई हैं, तभी से वो सबसे मिलने में व्यस्त हैं। हाल ही में वो मीडिया नेटवर्क CNN-IBN Indian of the Year 2017 इवेंट में पहुंची थीं। इस इवेंट पर भारतीय कप्तान विराट कोहली भी मौजूद थे। अब अपने फेवरेट क्रिकेटर से बात न करने का मौका मानुषी अपने हाथ से कैसे जानें देतीं। जब विराट स्टेज पर थे तब मानुषी ने विराट कोहली से एक सवाल पूछ लिया। मानुषी ने पूछा, 'आप दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक हैं। आपसे लोगों को प्रेरणा मिलती है। आप उन बच्चों को क्या सलाह देंगे जो क्रिकेट में करियर बनाना चाहते हैं?'
विराट ने कहा, 'किसी और के जैसा न बनें'
मानुषी के सवाल पर विराट कोहली के जवाब ने सभी का दिल जीत लिया। विराट ने कहा, 'जब आप मैदान पर खुद को व्यक्त करते हैं तो वो वास्तविक होना चाहिए और एकदम दिल से होना चाहिए। अगर लोगों को पता चलेगा कि आप सिर्फ दिखावा कर रहे हों, तो वो आपसे नहीं जुड़ पाएंगे।' विराट ने आगे कहा कि उन्होंने कभी किसी के जैसा बनने की कोशिश नहीं की।
विराट कोहली और अरुण जेटली ने किया सम्मानित
17 साल बाद देश को मिस वर्ल्ड का ताज दिलाने वालीं मानुषी छिल्लर को भी इस इवेंट में सम्मानित किया गया। मानुषी को वित्त मंत्री अरुण जेटली और कप्तान विराट कोहली ने ये सम्मान दिया। अपने फेवरेट क्रिकेटर से ये सम्मान पाकर मानुषी खुशी से गदगद हो गईं। उन्होंने हाल ही में एक इवेंट में बताया कि कोहली उनके फेवरेट क्रिकेटर हैं।
बॉलीवुड में जाने का मानुषी का नहीं है इरादा
हाल ही में मानुषी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिलीं। उनका बॉलीवुड में जाने का कोई प्लान नहीं है और वो मेंस्ट्रुएशन के बारे में जागरुकता फैलाना चाहती हैं। इसके लिए वो कई देशों की यात्रा भी करेंगी जिसमें बाकी विश्व सुंदरियां उनके साथ जुड़ेंगी।
अपनी सगाई पर Miss World मानुषी छिल्लर ने कही चौंकाने वाली बात, कहा 'कोई तो पूछे मंगेतर का सवाल'