जम्मू कश्मीर: शोपियां में आतंकियों ने महिला की हत्या, हत्या का वीडियो सोशल मीडिया पर किया अपलोड
शोपियां। जम्मू कश्मीर के शोपियां में आतंकियों ने शुक्रवार को एक दिल दहलाने वाली घटना को अंजाम दिया है। यहां पर आतंकियों ने 25 वर्ष की एक महिला का पहले अपहरण किया और फिर बेदर्दी से उसकी हत्या कर डाली। जम्मू कश्मीर पुलिस को इस महिला का गोलियों से छलनी शव मिला है। पुलिस की ओर से यह जानकारी भी दी गई है कि आतंकियों ने घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सर्कुलेट किया है। महिला का शव शोपियां के सुगान गांव में मिला है।
महिला ने की रहम की अपील
गुरुवार को आखिरी बार इस महिला को लोगों ने देखा था। यह महिला पुलवामा के दांगेरपोरा गांव की रहने वाली थी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला मारे गए आतंकी जीनत-उल-इस्लाम की रिश्तेदार थी। जो वीडियो आतंकियों ने पोस्ट किया है उसमें साफ नजर आ रहा है कि कैसे महिला अपनी जान की गुहार आतंकियों से लगा रही है। इस महिला का नाम इशरत मुनीर बताया जा रहा है। वीडियो 10 सेकेंड का है और महिला को इसमें माफी मांगते हुए देखा जा सकता है। अभी तक यह साफ नहीं है कि आतंकियों ने इसकी हत्या क्यों की। जीनत-उल-इस्लाम को पिछले कुलगाम के काटपोरा गांव में हुए एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया था। वहीं शुक्रवार को दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में एक एनकाउंटर हुआ जिसमें जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकियों ने सुरक्षाबलों ने मार गिराया था।