पंजाब के जालंधर में बड़ी संख्या में जमा हुए प्रवासी मजदूर, घर जाने की कर रहे मांग, 5 दिन से नहीं मिला पानी
नई दिल्ली। प्रवासी मजदूरों अपने घर जाने के लिए लगातार जद्दोजहद कर रहे हैं। लॉकडाउन के चलते बड़ी संख्या में मजदूर अलग-अलग राज्यों में फंस गए हैं। तमाम मजदूर पैदल ही अपने घर पहुंच रहे हैं तो कुछ सरकार की राह देख रहे हैं कि वह उन्हें घर पहुंचाने का इंतजाम करेगी। पंजाब में इन मजदूरों की हिम्मत अब जवाब देने लगी है। बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर पंजाब के जालंधर में इकट्ठा हो गए हैं और मांग कर रहे हैं कि उनका रजिस्ट्रेशन किया जाए ताकि वह अपने घर जा सके।

ये सभी मजदूर जालंधर में पुल के नीचे जमा हुए हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं। ये सभी मजदूर मांग कर रहे हैं कि उनका जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन हो। एक प्रवासी मजदूर का कहना है कि हम यहां पिछले पांच दिनों से पुल के नीचे पड़े हुए हैं, हमे पीने का पानी तक नहीं मिल रहा है। हमारे लिए कोई बस,ट्रेन का इंतजाम नहीं किया गया है। हम अपने घर जाना चाहते हैं लेकिन हमारी कोई सुनने वाला नहीं है। इन मजदूरों की भारी भीड़ को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से किसी भी तरह का इंतजाम नहीं किया गया है। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि इन मजदूरों के बीच किसी भी तरह की कोई सोशल डिस्टेंसिंग नहीं है।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले राहुल गांधी ने दिल्ली में पैदल जा रहे कुछ प्रवासी मजदूरों से मुलाकात की थी और उनकी परेशानियों के बारे में पूछा था। इस दौरान वह सड़क किनारे फुटपाथ पर ही बैठकर मजदूरों से बात कर रहे थे। राहुल के इस वीडियो में उस मुलाकत के दौरान हुई बातचीत को भी दिखाया गया है। राहुल की आवाज में इस वीडियो में मजदूरों की मुश्किलों को बयां किया गया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार है, लेकिन इन मजदूरों की कोई सुध लेने वाला कोई क्यों नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications