आखिर कैसे हुई पीएम मोदी की सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक, MHA के अधिकारी ने बताई वजह
नई दिल्ली, 06 जनवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में जिस तरह से चूक का मामला सामने आया है, उसके बाद तमाम सवाल खड़े हो रहे हैं। इस बीच गृह मंत्रालय की ओर से भी इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस पूरे मामले पर गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को लेकर खुफिया इनपुट पंजाब पुलिस को दिए गए थे, लेकिन बावजूद इसके पंजाब पुलिस ने ब्लू बुक नियमों का पालन नहीं किया, पीएम के लिए आकस्मिक रास्ते को तैयार नहीं किया गया। बता दें कि स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप की ब्लू बुक में प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर दिशा-निर्देश होते हैं।
Recommended Video

ब्लू बुक का नहीं हुआ पालन
गृह मंत्रालय के अधिकारी के अनुसार राज्य की पुलिस को ब्लू बुक के नियम के अनुसार आकस्मिक रास्ते को तैयार करना होता है जिससे कि विपरीत परिस्थिति में प्रधानमंत्री को इस रूट से ले जाया जा सके। जिस तरह की स्थिति पंजाब में बनी उस तरह के हालात में आकस्मिक रास्ते से पीएम को ले जाना चाहिए था, जोकि नहीं हुआ। अधिकारी ने बताया कि आईबी के अधिकारी लगातार पंजाब पुलिस के संपर्क में थे और उन्होंने प्रदर्शनकारियों को लेकर पंजाब पुलिस को सतर्क किया था कि वह पीएम मोदी के काफिले की ओर बढ़ रहे हैं, पंजाब पुलिस के अधिकारियों ने इस बात का आश्वासन दिया था कि वीआईपी की सुरक्षा का पूरा इंतजाम है।
क्या कहता है प्रोटोकॉल
जिस वक्त पीएम मोदी के काफिले को प्रदर्शकारियों ने रोका उस दौरान एसपीजी के सुरक्षाकर्मी लगातार प्रधानमंत्री के करीब बने रहते हैं जबकि बाकी के राज्य पुलिस के सुरक्षाकर्मी सुरक्षा के इंतजाम को पुख्ता करते हैं। किसी भी तरह की आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए राज्य की पुलिस एसपीजी को अपडेट करती है और उसी के अनुसार प्रधानमंत्री का रूट बदला जाता है. इससे पहले 2021 में भी पंजाब बॉर्डर के पास पाकिस्तान की ओर से 150 ड्रोन कैमरे देखे गए थे। कई ड्रोन में टिफिन बम, हैंड ग्रेनेड, पिस्टल और नगदी देखी जा चुकी है। गृह मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि खुफिया एजेंसियों से सुरक्षा में हुई चूक को लेकर रिपोर्ट तलब की गई है।
एक्शन में गृह मंत्रालय
बता दें कि 4 नवंबर को पंजाब पुलिस को भारत-पाक सीमा के पास फिरोजपुर जिले में विस्फोटक से भरा हुआ बॉक्स मिला था। यह बॉक्स एक खेत के पास मिला था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिरोजपुर में ही रैली करने वाले थे, वह यहां पर कई विकास से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन करने के लिए पहुंचे थे। लेकिन प्रदर्शनकारियों की वजह से पीएम मोदी को वापस लौटना पड़ा। इस मामले के बाद गृह मंत्रालय ने खुद से सुरक्षा में हुई चूक का संज्ञान लिया है और पंजाब सरार से इस बाबत विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। यही नहीं राज्य सरकार से इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करने को भी कहा है।












Click it and Unblock the Notifications