रेप के आरोपों पर सामने आए एमजे अकबर, कहा- दोनों के बीच आपसी सहमति से था रिश्ता

नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर पर शुक्रवार सुबह एक पत्रकार ने बलात्कार का आरोप लगाया। पत्रकार पल्लवी गोगोई ने वॉशिंगटन पोस्ट में ब्लॉग लिखकर बताया कि कई साल पहले अकबर ने उनका रेप और यौन उत्पीड़न किया था। अब गोगोई के आरोपों को झूठा बताते हुए एमजे अकबर ने अपना बयान जारी किया है। अकबर ने कहा कि 1994 में वो और गोगोई रिलेशनशिप में थे, जिस कारण उनके घर में कलह भी हुई थी। अकबर ने कहा कि दोनों के बीच ये रिश्ता आपसी सहमति से बना था, जोकि हालांकि अच्छे नोट पर खत्म नहीं हुआ था।

पत्रकार पल्लवी गोगोई ने लगाया है रेप का आरोप
पत्रकार पल्लवी गोगोई के रेप के आरोपों के जवाब में एमजे अकबर ने बयान जारी किया है। अकबर ने अपने बयान में गोगोई के आरोपों को झूठा बताया और लिखा कि अब वक्त आ गया है कि वो कुछ बातों पर रौशनी डालें। उन्होंने लिखा, '1994 के दौरान पल्लवी गोगोई और मैं एक रिश्ते में थे, जोकि कई महीने चला था। आपसी सहमति से बना ये रिश्ता अच्छे नोट पर खत्म नहीं हुआ था। हम दोनों को जानने वाले कई लोग इसपर गवाही देने के लिए सामने आने को तैयार हैं। किसी भी स्टेज पर ऐसा नहीं लगा कि मिस पल्लवी किसी भी तरह के स्ट्रेस के अंदर में काम कर रही हैं।'
यौन उत्पीड़न के बाद एमजे अकबर पर लगा बलात्कार का आरोप, भारतीय-अमेरिकी पत्रकार ने सुनाई आपबीती
|
अकबर की पत्नी मल्लिका ने भी जारी किया स्टेटमेंट
अकबर ने आगे अपने बयान में #MeToo के तहत लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों पर कहा, 'पिछले कुछ हफ्तों से मुझपर झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं, मैं अब इन्हें संबोधित कर रहा हूं। मैं अभी बस यही कहना चाहता हूं।' सिर्फ अकबर ही नहीं, उनकी पत्नी मल्लिका अकबर ने भी एक स्टेटमेंट जारी कर अपने पति का बचाव किया है। मल्लिका अकबर ने अपने बयान में कहा, 'मेरे पति के खिलाफ जब मीटू अभियान चलाया गया, मैं चुप रही। हालांकि वॉशिंग्टन पोस्ट में पल्लवी गोगोई के मेरे पति पर रेप के आरोपों के बाद मैं बोलने को मजबूर हो गई।'
|
'पति से सवाल किए और उन्होंने अपने परिवार को चुना'
मल्ल्किा अकबर ने आगे कहा, '20 साल पहले पल्लवी गोगोई ने हमारे घर में कलह पैदा की थी। मुझे उसके और अपने पति के रिश्ते के बारे में देर रात फोन कॉल्स से पता चला। उसने मेरे पूरे परिवार को दर्द दिया। हमारे घर हुए एशियन एज की एक पार्टी में मैंने पीड़ा के साथ उसे अपने पति के साथ करीब से डांस करते हुए देखा। मैंने तब अपने पति से सवाल किए और उन्होंने अपने परिवार को चुना। तुषिता पटेल और पल्लवी गोगोई का हमारे घर आना-जाना होता रहता था। दोनों में से किसी के चेहरे पर भी यौन उत्पीड़न के पीड़ित जैसा लुक नहीं था।'
#MeToo: '18 की उम्र में 55 साल के एमजे अकबर ने जबरन मेरे मुंह में अपनी जीभ घुसा दी'

पल्लवी ने लिखा, 'जयपुर के एक होटल में किया रेप'
भारतीय-अमेरिकी पत्रकार पल्लवी गोगोई ने शुक्रवार वॉशिंगटवन पोस्ट में एक ब्लॉग लिख अकबर की करतूतों का खुलासा किया। उन्होंने ब्लॉग में बताया कि एमजे अकबर ने जयपुर में एक होटल में उनका रेप किया था। 'अकबर ने मुझसे कहा कि मैं जयपुर में उनके होटल में आकर स्टोरी डिस्कर करूं। उस कमरे में उन्होंने मेरे कपड़े फाड़े और मेरा रेप किया। मैं उनसे लड़ी लेकिन वो शारीरिक तौर पर ज्यादा ताकतवर थे। उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बजाय मैं शर्म में डूब गई। मैंने इस बारे में तब किसी को नहीं बताया। क्या कोई मेरा यकीन करता? मैंने खुद पर इल्जाम लगाया। मैं क्यों उस कमरे में गई?'

अब तक 20 से ज्यादा महिलाओं ने अकबर पर लगाए आरोप
एमजे अकबर पर अब तक कई महिलाएं यौन उत्पीड़न का आरोप लगा चुकी हैं, वहीं रेप का ये पहला मामला है। पल्लवी गोगोई के आरोपों को एमजे अकबर ने झूठा बताया है। एमजे अकबर के खिलाफ सबसे पहले पत्रकार प्रिया रमानी ने आवाज उठाई थी। रमानी ने #MeToo कैंपेन के तहत एमजे अकबर पर 20 साल पहले यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था। इसके बाद कई महिलाएं खुलकर सामने आईं थीं और अपने साथ हुई घटनाओं का खुलासा किया था।
#MeToo: केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर पर लगा यौन उत्पीड़न का आरोप, सामने आई कई महिलाएं

दबाव के बाद अकबर ने दिया था पद से इस्तीफा
अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को झूठा बताते हुए अकबर ने प्रिया रमानी के खिलाफ दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसपर सुनवाई चल रही है। महिलाओं और विपक्ष के दबाव के बाद केस की सुनवाई शुरू होने से ठीक पहले अकबर ने इस्तीफा सौंपा था। हालांकि अकबर अभी भी सासंद हैं। भाजपा के उनपर कोई कार्रवाई न करने और उनके सांसद बने रहने तो लेकर सरकार की काफी आलोचना हो रही है।