दिल्ली-NCR के मौसम में बढ़ी गर्मी, MP-छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना
नई दिल्ली। मौसम में धीरे-धीरे गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तर भारत में कुछ जगह का तापमान पिछले कुछ दिनों में 30 डिग्री सेल्सियल से उपर चला गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि देखने को मिलेगी। पिछले शनिवार को राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री अधिक 33.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
मौसम विभाग के रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली का तापमान 32 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं रविवार को तापमान में और अधिक वृद्धि होने की संभावना है। चंडीगढ़ मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरिंदर पॉल ने बताया कि, शनिवार को मौसम साफ रहेगा, अगले तीन दिनों तक मौसम में किसी भी तरह का कोई बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। आने वाले दिनों में मौसम और शुष्क और गर्म रहने वाला है। हालांकि रात के तापमान में लगभग 2 डिग्री तक गिरावट भी देखने को मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों के साथ ही पूर्वोतर के राज्यों में बारिश होने की आशंका है। उत्तर भारत के जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ ही बर्फभारी भी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और जम्मू कश्मीर के कुछ स्थानों पर हल्की बूंदा-बांदी हुई है। मध्य प्रदेश के उज्जैन, छिंदवाड़ा, गोंडिया, दुर्ग और रायपुर में कई जगह हल्की बारिश हुई है।