Meghalaya: शपथ ग्रहण से पहले बीजेपी ने NPP के सामने रख दी मांग, दो विधायकों को मंत्रिमंडल में रखने को कहा
मेघालय में सरकार गठन का रास्ता साफ हो गया। बीजेपी ने एनपीपी को समर्थन देने के बाद दो विधायकों को मंत्री बनाने को कहा है।

मेघालय में किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला था, लेकिन एनपीपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद बीजेपी हाईकमान ने एनपीपी को समर्थन का ऐलान कर दिया। जिसके बाद कोनराड संगमा ने राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया। वो 7 मार्च को सुबह शपथ लेंगे, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम से पहले बीजेपी ने एनपीपी के सामने एक नई शर्त रख दी है।
मामले में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अर्नेस्ट मावरी ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह के लिए पीएम मोदी 7 मार्च को सुबह 11 बजे पहुंचेंगे। शिलांग में समारोह में शामिल होने के बाद पीएम नागालैंड के लिए रवाना होंगे। हमें सरकार बनाने के लिए एनपीपी का समर्थन करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि हमने कोनराड संगमा से हमारे दोनों विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल करने का अनुरोध किया, क्योंकि दोनों विधायक एलेक्जेंडर लालू हेक और सनबोर शुल्लई अनुभवी विधायक हैं। हमें उम्मीद है कि हमारी पार्टी के दोनों विधायक कैबिनेट में शामिल होंगे।
ये है इस बार का समीकरण
आपको बता दें कि मेघालय की 60 में से 59 सीटों पर वोटिंग हुई थी। जिसमें बहुमत का आंकड़ा 30 है, लेकिन एनपीपी 26 सीटें ही जीती, जबकि यूनाइडेट डेमोक्रेटिक पार्टी के खातें में 11 सीटें गईं। वहीं बीजेपी को 2, कांग्रेस को 5 और टीएमसी को 5 सीट मिली है। इसके बाद से कोनराड संगमा बहुमत जुटाने का प्रयास कर रहे हैं।
पीएम मोदी-अमित शाह जाएंगे पूर्वोत्तर
पूर्वोत्तर के तीनों राज्यों में एनडीए गठबंधन की सरकार बनने जा रही। जिसके लिए पीएम मोदी ने पूर्वोत्तर की जनता का आभार भी जताया था। फिलहाल 7 मार्च को मेघालय और नागालैंड का शपथग्रहण है, जबकि 8 मार्च को त्रिपुरा में कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता इन तीनों कार्यक्रमों में शामिल होंगे। जिसको लेकर तैयारी की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications