Meghalaya Poll Results: CM कॉनराड संगमा ने शाह से मांगा आशीर्वाद, भाजपा के समर्थन से बनेगी सरकार
बीजेपी पूर्वोत्तर के दो राज्यों में बहुमत की सरकार बनाएगी। त्रिपुरा और नागालैंड में जीतने के बाद मेघालय में भी भाजपा सरकार को समर्थन देगी। NPP चीफ और मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने अमित शाह से बात की है।

Meghalaya Poll Results: पूर्वोत्तर भारत के चुनाव में बीजेपी का दबदबा दिखा। मेघालय में भले ही पार्टी को अपेक्षित कामयाबी नहीं मिली, लेकिन NPP को सरकार बनाने में भाजपा का भी साथ मिलेगा। मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने नतीजों की घोषणा के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को फोन कर उनका आशीर्वाद मांगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक शाह ने मेघालय भाजपा इकाई को एनपीपी का समर्थन करने को कहा है।
CM संगमा ने बीजेपी से मांगा समर्थन और आशीर्वाद
रिपोर्ट्स के अनुसार मेघालय चुनाव नतीजों के बाद सीएम संगमा ने अमित शाह से बात की। चुनाव नतीजों की घोषणा के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि मेघालय में उनके समकक्ष कॉनराड संगमा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को फोन करके राज्य में सरकार बनाने के लिए समर्थन मांगा। सीएम सरमा ने ट्वीट किया, "मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने माननीय गृह मंत्री अमित शाह जी को फोन किया और नई सरकार बनाने के लिए उनका समर्थन और आशीर्वाद मांगा।"

असम के मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
सरमा ने कहा, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बीजेपी की राज्य इकाई को सलाह दी है कि मेघालय में अगली सरकार बनाने में नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) का समर्थन करें। असम के मुख्यमंत्री ने दो अलग-अलग ट्वीट कर लिखा, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय जेपी नड्डा ने मेघालय में अगली सरकार बनाने में नेशनल पीपुल्स पार्टी का समर्थन करने के लिए मेघालय में भाजपा की राज्य इकाई को सलाह दी है।
चुनावी नतीजों से पहले ही गठबंधन के संकेत
गौरतलब है कि इससे पहले भी संगमा संभावित गठबंधन का सूक्ष्म संकेत दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी तब तक इंतजार करेगी जब तक संख्या स्थिर नहीं हो जाती। जरूरी हो तो चुनाव के बाद गठबंधन पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

NPP के पास संख्या कम, अंतिम नतीजों का इंतजार
सीएम कॉनराड संगमा ने गुरुवार को चुनावी नतीजों की घोषणा के बीच कहा, "हमें वोट देने के लिए हम राज्य के लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहते हैं। हमारे पास कुछ संख्या कम है, इसलिए हम अंतिम नतीजे आने का इंतजार करेंगे। हम अपने भविष्य की रणनीति का फैसला अंतिम परिणाम के आधार पर करेंगे।"
मेघालय में किस पार्टी को कितनी सीटें
गुरुवार शाम 6:33 बजे चुनाव आयोग की तरफ से साझा किए गए नवीनतम रुझानों के अनुसार, सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) ने 21 सीटों पर जीत हासिल की है और वह 5 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि भाजपा ने 2 सीटों पर जीत हासिल की है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) भी इस बार राज्य में विपक्षी दल बनकर उभरी है। TMC और कांग्रेस को 5-5 सीटों पर जीत मिली। पीपुल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट को 2 सीटें मिलीं जबकि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी को 11 सीटों पर जीत मिली।
Recommended Video

पूर्वोत्तर की रोचक सियासी घटनाएं
खबर लिखे जाने तक मेघालय के मुख्यमंत्री संगमा को दक्षिण तुरा निर्वाचन क्षेत्र में कुल वोटों का 50 प्रतिशत से अधिक मिल चुका है। बता दें कि भाजपा ने 2018 में वाम दलों को उखाड़ फेंका था। पूर्वोत्तर में कांग्रेस और सीपीआईएम वर्षों से कट्टर प्रतिद्वंद्वी रहने के बावजूद सत्तारूढ़ भाजपा को हराने के लिए चुनाव पूर्व गठबंधन किया था।












Click it and Unblock the Notifications