भारत की चीन को दो टूक- हमारी सेना को सीमा की पूरी जानकारी, चीनी सैनिक डाल रहे गश्त में बाधा
नई दिल्ली: एक ओर पूरी दुनिया वुहान से शुरू हुए कोरोना वायरस से परेशान है, तो वहीं दूसरी ओर चीन सीमा पर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। जिस वजह से लद्दाख और सिक्किम से लगती सीमाओं पर तनाव बढ़ता ही जा रहा है। इसके साथ ही चीन सीमा को लेकर नेपाल को भी उकसा रहा है। सीमा पर हुई झड़पों के लिए भारतीय विदेश मंत्रालय ने चीनी सेना को जिम्मेदार ठहराया है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक भारतीय सेना को अपनी सीमा की पूरी जानकारी है और इस सीमा के अंदर ही सभी गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है।

मामले में भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय जवान अपनी सीमा के अंदर ही तमाम गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। इसके बावजूद चीनी सैनिक भारतीय जवानों द्वारा की जा रही पेट्रोलिंग में बाधा डाल रहे हैं, जिस वजह से ये परेशानी खड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि एलएसी पर उत्पन्न होने वाले ऐसे हालात से निपटने के लिए सभी द्विपक्षीय समझौतों और प्रोटोकॉल का पालन भारतीय सेना द्वारा किया जा रहा है। मामले को शांतिपूर्वक निपटाने के लिए विशेष तंत्र स्थापित किया गया है। भारतीय पक्ष सीमा क्षेत्रों में शांति कायम करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
सीमा पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती
आपको बता दें कि सबसे पहले उत्तरी सिक्किम में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प हुई थी। इसके बाद लद्दाख में भी ऐसी घटना हुई। इस दौरान दोनों पक्षों के जवानों को चोटें आई थीं। फिर 12 मई को लद्दाख में LAC की ओर चीनी हेलीकॉप्टर आ रहे थे। जिसके बाद भारतीय वायुसेना के विमानों ने भी उड़ान भरी, तब जाकर चीनी हेलीकॉप्टर वापस लौटे। सीमा पर विवाद बढ़ता देख भारत सतर्क हो गया है। सूत्रों के मुताबिक भारत ने डेमचक, दौलत बेग ओल्डी, गलवान नदी और लद्दाख में पांगोंग झील समेत कई संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती की है, ताकी चीन की हर हरकत का जवाब दिया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications