MEA Press Briefing में पाक का झूठ एक्सपोज,कर्नल सोफिया ने कहा हमारे सभी एयरबेस सुरक्षित,जानें मुख्य बातें
MEA Press Briefing on Operation Sindoor: भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसे तनाव हैं और पाकिस्तान लगातार भारत को उकसाने की कोशिश कर रहा है। पड़ोसी देश ड्रोन और मिसाइलों के साथ भारत के रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर टारगेट कर रहा है।
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विदेश सचिव विक्रम मिसरी और भारतीय सेना हर दिन ज्वाइंट प्रेस ब्रीफिंग कर रही है। आज 10 मई की प्रेस ब्रीफिंग में भारतीय सीमा पर पाक के अटैक और भारत की जवाबी कार्रवाईयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

ऑपरेशन सिंदूर पर विदेश मंत्रालय की ओर से ब्रीफिंग में पाकिस्तान द्वारा की गई घुसपैठ की कोशिशों, भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमलों, और भारत की रणनीतिक प्रतिक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी गई।
MEA Briefing: पाकिस्तान की ओर से तनाव बढ़ाने की कोशिश
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि 9 मई की रात से पाकिस्तान की तरफ से जानबूझकर सीमा पर तनाव बढ़ाने की कोशिश की गई। पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा (LOC), अंतर्राष्ट्रीय सीमा, और श्रीनगर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में हवाई मार्ग से घुसपैठ की कोशिशें कीं। इसका मकसद भारत की संप्रभुता को चुनौती देना और क्षेत्रीय स्थिरता को बिगाड़ना था।
सोफिया कुरैशी ने बताया कि पाकिस्तान ने भारतीय सैन्य ढांचे को निशाना बनाते हुए जानबूझकर स्कूलों और अस्पतालों जैसे नागरिक ठिकानों पर भी मिसाइल हमले किए। पंजाब क्षेत्र में रात 1:40 बजे हाईस्पीड मिसाइल दागी गई, जिससे फिरोजपुर और जालंधर में कुछ नागरिकों को मामूली चोटें आईं।
भारत की जवाबी कार्रवाई
भारतीय सशस्त्र बलों ने तुरंत और सटीक कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की सैन्य क्षमताओं पर करारा जवाब दिया। भारत ने पाकिस्तान के रडार सिस्टम, एयर डिफेंस इंफ्रास्ट्रक्चर और विशेष रूप से सियालकोट एयरबेस को निशाना बनाते हुए उसे भारी नुकसान पहुंचाया। इस पूरे ऑपरेशन के दौरान भारत ने मिनिमम कॉलेट्रल डैमेज सुनिश्चित किया और केवल सैन्य ठिकानों को ही निशाना बनाया।
भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के पसरूर स्थित रडार साइट को मिसाइल से पूरी तरह नष्ट कर दिया। ब्रीफिंग में इसका लाइव सैटेलाइट फुटेज भी दिखाया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि पाकिस्तानी सेना ने नागरिक यात्री विमानों की आड़ में हमला करने की नापाक कोशिश की।
पाक के फेक न्यूज जवाब
पाकिस्तान की ओर से इस ऑपरेशन को लेकर एक के बाद एक कई फर्जी खबरें चलाई जा रही हैं आज की प्रेस ब्रीफिंग में पाक के झूठ का पर्दाफाश किया गया । कर्नल सोफिया कुरैशी और विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने तस्वीरों के साथ इसे साफ किया। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान द्वारा नगरोटा एयरबेस, आदमपुर स्थित S-400 सिस्टम और ब्रह्मोस के ठिकानों को तबाह करने के जो दावे किए गए हैं, वे पूरी तरह से झूठे और निराधार हैं। सभी भारतीय सैन्य ठिकाने पूरी तरह सुरक्षित हैं।
पाकिस्तानी सेना द्वारा यह भी झूठ फैलाया गया कि भारतीय मिसाइलों ने अफगानिस्तान पर हमला किया है और भारत ने श्री अमृतसर साहिब पर मिसाइल दागी है। इन दावों को विक्रम मिसरी ने पूरी तरह खारिज किया और कहा कि "हमें अफगानी लोगों को यह बताने की ज़रूरत नहीं है कि पिछले डेढ़ साल में किसने उनके रिहायशी इलाकों और नागरिकों को निशाना बनाया है।"
पाकिस्तानी घुसपैठ की विफल कोशिशें
विंग कमांडर व्योमिका ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से 9 मई की रात कुल 26 अलग-अलग जगहों पर घुसपैठ की कोशिश की गई, लेकिन भारतीय सुरक्षा बलों ने सभी प्रयासों को नाकाम कर दिया। अवंतीपुर और उधमपुर में भी पाकिस्तान ने सिविल इन्फ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, जिसे समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।
भारत का रुख - तनाव नहीं, पर आत्मरक्षा ज़रूरी
सोफिया कुरैशी ने प्रेस ब्रीफिंग के अंत में कहा, "भारतीय सशस्त्र बल तनाव नहीं चाहते, लेकिन यदि पाकिस्तान इस प्रकार की नापाक हरकतें करता रहा, तो भारत की जवाबी कार्रवाई और भी निर्णायक होगी।"
विक्रम मिसरी ने यह भी दोहराया कि भारत शांति का पक्षधर है, लेकिन अपनी सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है।
Mea Press Briefing highlights के प्वाइंट्स जानें...
- विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कल रात से पाकिस्तान की तरफ से तनाव बढ़ाने की कोशिश
- पाकिस्तान ने भारतीय सैन्य ढांचे को बनाया निशाना-सोफिया कुरैशी
- LOC, अंतर्राष्ट्रीय सीमा, श्रीनगर में हवाई रास्तों से घुसपैठ की कोशिशें की- -सोफिया कुरैशी
- स्कूल और हॉस्पिटल को भी बनाया निशाना-सोफिया कुरैशी
- भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान के रडार, एयर डिफेंस सिस्टम को बनाया निशाना-सोफिया कुरैशी
- सियालकोट एयरबेस को भी भारतीय सेना ने बनाया निशाना-सोफिया कुरैशी
- यात्री विमानों की आड़ लेकर पाकिस्तान ने किया हमला-सोफिया कुरैशी
- भारत ने मिनिमम कॉलेट्रल डैमेज के साथ किया हमला-सोफिया कुरैशी
- पाकिस्तान की तरफ नगरोटा एयरबेस, S-400 और ब्रह्मोस के ठिकानों को निशाना बनाने की फेक न्यूज फैलाई-सोफिया कुरैशी
- पाकिस्तान ने कल रात 26 जगहों पर घुसपैठ की कोशिश की- विंग कमांडर व्योमिका
- जिन एयरबेस और दूसरे सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचाने का दावा पाक ने किया, वो सभी सुरक्षित- विंग कमांडर व्योमिका
- कल रात में फिरोजपुर, और जालंधर में कुछ लोगों को चोटें आई हैं- विक्रम मिसरी
- S-400 के आदमपुर ठिकानों को तबाह करने का दावा भी पूरी तरह से झूठ- विक्रम मिसरी
- पाक ने ये भी झूठ फैलाया कि भारतीय मिसाइलों ने अफगानिस्तान पर हमला किया - विक्रम मिसरी
- श्री अमृतसर साहेब पर भारत द्वारा मिसाइल दागने की खबर पाकिस्तानी सेना द्वारा फैलाई जा रही है












Click it and Unblock the Notifications